Featuredदरभंगाप्रादेशिक

उधार वापस मांगने पर देख लेने की दी धमकी, फिर की हत्या; झाड़ियों में मिला युवक का शव।

बिहार के भागलपुर में पुलिस प्रशासन ने अपराध पर नकेल कसने के लिए लाख कोशिशें कर ली। लेकिन अपराधियों के हौसले अब भी बुलंद हैं। ताजा मामला भागलपुर के अकबरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्वीट मकनपुर रेलवे स्टेशन के पास का है। जहां एक अज्ञात शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला, जिसे देखने से लग रहा है कि तेज धार हथियार से बुरी तरह हमला किया गया हो। मृतक की पहचान मुंगेर जिला के जमालपुर थाना क्षेत्र के केशोपुर निवासी लाल बिहारी सिंह के बेटे अनुज कुमार (25) के रूप में हुई है। मृतक अनुज पिकअप वैन चालक था।

मृतक के मामा का कहना है कि हम लोगों को अकबरनगर थाने के थानेदार ने फोन कर बताया कि अनुज कुमार का शव एक झाड़ी में मिला है। तभी हम लोगों ने जाकर देखा तो उसकी निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि मेरे भांजे अनुज ने किसी से पैसे का लेनदेन किया था। वह अपना पैसा वापस मांग रहा था। शायद किसी से बहस हुई और बदले की भावना से उसे मौत के घाट उतार दिया गया।

मृतक अनुज की पत्नी का कहना है कि कुछ दिन पहले हमारे पति की किसी से पैसे लेने को लेकर बहस हुई थी। फिर गुरुवार की शाम सात बजे भी तू-तू मैं-मैं हुई थी। सामने से देख लेने की बात कही गई थी। अंततः मेरे पति की पैसे के लेनदेन को लेकर बुरी तरह से निर्मम हत्या कर दी। अब मैं अपने तीन साल के बेटे के साथ अकेले कैसे रहूंगी। वहीं, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। सुलतानगंज पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *