Monday, October 5, 2026
Latest:
Featured

बिहार : बिहार के इन जिलों में होगी बारिश, मौसम विभाग का अलर्ट, पड़ने वाली है कड़ाके की ठंड, यहां दिखेगा तूफान ‘फेंगल’ का असर

बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते बिहार और अन्य मैदानी इलाकों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। फिलहाल बिहार में आंशिक बादलों की मौजूदगी ने न्यूनतम तापमान को 11 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बनाए रखा है। हालांकि, मौसम विभाग का अनुमान है कि 28 नवंबर के बाद सर्दी अपना असर दिखाएगी।

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से ठंड बढ़ने की संभावना

मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार 28 नवंबर को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ पहुंचेगा। इसके चलते पर्वतीय इलाकों में भारी बर्फबारी होगी, जो बिहार जैसे मैदानी इलाकों में तापमान में गिरावट लाएगी। 30 नवंबर से शुष्क पछुआ हवाओं के असर के कारण दिन और रात के तापमान में तेजी से कमी आएगी। दिसंबर की शुरुआत तक न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री तक गिरावट की संभावना है।

उत्तर बिहार में कोहरा, दक्षिण में स्मॉग का असर

आज 27 नवंबर को सुबह के समय उत्तर बिहार के जिलों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा देखा गया। वहीं, दक्षिण बिहार के क्षेत्रों में स्मॉग यानी धुंध का असर रहा। शाम होते ही मंद पछुआ हवाओं के कारण लोगों को ठंडक का अहसास होगा। दिन का अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 11 से 17 डिग्री सेल्सियस तक बना रहेगा।

 

बिहार में ठंड का असर

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और पछुआ हवाओं के कारण दिसंबर की शुरुआत में बिहार में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। आने वाले दिनों में पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज में हल्की बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम ठंडा और शुष्क रहेगा, जिससे कनकनी बढ़ने की उम्मीद है।

 

चक्रवाती तूफान ‘फेंगल’ का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के कारण चक्रवाती तूफान ‘फेंगल’ का खतरा बढ़ गया है। 28 नवंबर को यह तूफान गंभीर रूप ले सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने तमिलनाडु के तीन जिलों और तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। तूफान का प्रभाव पूर्वी और दक्षिणी भारत के राज्यों पर पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *