समस्तीपुर : समस्तीपुर में कोलकाता रेप केस पर झांकी:47 जगहों पर बने पंडाल; जितवारपुर में लाल किला, मथुरापुर में राजस्थान का कालिका मंदिर
जितवारपुर की हाउसिंग बोर्ड मैदान में बन रहा लाल किला
समस्तीपुर शहर और आसपास के इलाके में इस बार 47 जगहों पर दुर्गा पूजा का आयोजन किया गया है। समस्तीपुर शहर में 16 जब की मुफस्सिल इलाकों में 31 स्थान पर पूजा का आयोजन किया गया है। विभिन्न जगहों पर पूजा पंडाल का भी निर्माण कराया जा रहा है, जो अंतिम चरण में है।
कहीं पर लाल किला तो कहीं राजस्थान का कालिका मंदिर तो कहीं सऊदी अरब के अबू धाबी स्थित हिंदू मंदिर का लुक दिया जा रहा है। पूजा पंडाल के निर्माण में पिछले डेढ़ महीना से विभिन्न जगहों के कलाकार लगे हुए हैं। पूजा पंडाल के निर्माण में प्रत्येक जगह पर 10 लाख से अधिक रुपए की राशि खर्च हो रही है।
जितवारपुर स्थिति बन रहे पूजा पंडाल में इस बार कोलकाता में पिछले दिनों हुए ट्रेनिंग डॉक्टर से रेप की घटना की झांकी भी बनाई गई है। इसमें यह दर्शाया गया है कि इस घटना के बाद क्या-क्या बदला ।
बन रही राजस्थान की कालिका मंदिर।
राजस्थान की कालिका टेंपल का लुक
मथुरापुर स्थित पूजा समिति द्वारा इस बार राजस्थान के कालिका टेंपल का लुक दिया जा रहा है। 250 मजदूरों द्वारा पिछले 24 अगस्त से पूजा पंडाल का यहां निर्माण किया जा रहा है। पूजा पंडाल के निर्माण पर करीब 10 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है। इस पूजा पंडाल की खासियत है कि यहां शहर के एक कारोबारी ही खर्च करते हैं, चंदा नहीं लिया जाता है।
पूजा पंडाल बना रहे कारीगर रामप्रवेश शर्मा का कहना है कि सप्तमी तक यह पूजा पंडाल पूरी तरह से अपनी लुक में आ जाएगा। रामप्रवेश पहले दिल्ली में पूजा पंडाल बनाने का काम करते थे। वह जिले के रहटोली का रहने वाला हैं ।
सऊदी अरब के अबू धाबी स्थित हिंदू मंदिर।
सऊदी अरब के अबू धाबी स्थित हिंदू मंदिर का दिया जा रहा लुक
शहर के 12 पत्थर स्थित पूजा समिति द्वारा इस बार सऊदी अरब के अबू धाबी में स्थित हिंदू दुर्गा मंदिर का लुक दिया जा रहा है। पूजा पंडाल निर्माण के लिए कोलकाता से कारीगर को बुलाया गया है, जो पिछले एक महीने से पंडाल के निर्माण में लगे हुए हैं। इस पूजा पंडाल के निर्माण पर करीब 15 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है। इस पूजा पंडाल की खासियत है कि सफाई को लेकर जिला प्रशासन द्वारा इसे हर साल अवॉर्ड दिया जाता है, क्योंकि यहां पर स्वच्छता को लेकर कई तरह के कार्य किए जाते हैं। मेला के दौरान पूजा समिति के वॉलेंटियर्स कहीं भी गंदगी नहीं लगने देते हैं।
पुरानी दुर्गा स्थान मंदिर
जितवारपुर में बन रहा लाल किला
जितवारपुर स्थित हाउसिंग बोर्ड मैदान में इस बार पूजा समिति द्वारा पूजा पंडाल का लुक लाल किला का दिया जा रहा है। पूजा पंडाल के निर्माण पर करीब 10 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है। यह यही पूजा समिति है जहां पिछले साल चंद्रयान का निर्माण कराया गया था। साथ ही चंद्रयान के वैज्ञानिक समस्तीपुर के पूसा के रहने वाले अमिताभ चंद्रयान के पूरे परिवार को यहां बुलाकर उन्हें सम्मानित भी किया गया था।
कोलकाता घटना पर किया जाएगा प्रदर्शन
इस बार पूजा समिति द्वारा पिछले दिनों कोलकाता में ट्रेनिंग डॉक्टर के साथ हुए रेप और हत्या को लेकर उस घटना को प्रदर्शित किया जाएगा। जिसमें यह बताने का प्रयास होगा कि किस तरह से आज भी महिलाएं प्रताड़ित हो रही हैं। जबकि पूरे देश में लोग मां की आराधना करते हैं। पूजा समिति के अध्यक्ष सेवानिवृत्ति शिक्षक रमुचित राय ने कहा कि कमेटी का ये निर्णय था कि इस घटना का प्रदर्शन किया जाए, ताकि लोग यह जान सके और इससे सजग रहे।
