डीएम की अध्यक्षता में बिरौल एवं बेनीपुर अनुमंडल के सभी अंचलों की राजस्व कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक
लंबित आवेदनों के शीघ्र निवारण,फार्मर रजिस्ट्री एवं राजस्व महाअभियान आदि को गति देने के दिए निर्देश
समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में बिरौल एवं बेनीपुर अनुमंडल अंतर्गत सभी अंचलों के राजस्व कार्यों की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक हुई।
बैठक में सभी राजस्व कर्मचारी, राजस्व अधिकारी, अंचलाधिकारी एवं भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर) उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने राजस्व महाअभियान के तहत प्राप्त सभी आवेदनों को शीघ्र पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश सभी अंचलाधिकारियों को दिये ।उन्होंने कहा कि आवेदन अपलोड कार्य में तेजी लाने हेतु सर्वे अमीन की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए,ताकि समयबद्ध तरीके से लंबित मामलों का निवारण हो सके।
जिलाधिकारी ने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि राजस्व महाअभियान में प्राप्त आवेदनों को 07 जून 2026 तक हल्का वार विभाजित कर निवारण करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजस्व संबंधी मामलों के निवारण में किसी प्रकार की शिथिलता /लापरवाही संबंधित अधिकारियों और और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
आज परिमार्जन प्लस, मापी, दाखिल-खारिज, जमाबंदी सुधार एवं राजस्व महाअभियान के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
फार्मर रजिस्ट्री को लेकर जिलाधिकारी ने विशेष अभियान चलाने का निर्देश देते हुए कहा कि अधिक से अधिक किसानों का परिमार्जन कार्य कराकर उनकी फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाई जाए, ताकि किसानों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों से समझौता नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी संबंधित कर्मचारियों को प्रत्येक पंचायत में किसानों को चिन्हित कर विशेष अभियान के तहत फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनवाने की जिम्मेदारी सौंपी।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने जमाबंदी सुधार हेतु प्राप्त आवेदनों के त्वरित निष्पादन का भी निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, डीसीएलआर बिरौल मयंक सिंह, डीसीएलआर बेनीपुर अविनाश कुमार सिंह, सभी अंचलाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।




