Wednesday, May 13, 2026
Homeविश्वविद्यालय वनस्पति विज्ञान विभाग में “ब्लॉकिंग कैंसर एंड कैंसर स्टेम सेल्स” विषय...

विश्वविद्यालय वनस्पति विज्ञान विभाग में “ब्लॉकिंग कैंसर एंड कैंसर स्टेम सेल्स” विषय पर हुआ प्रेरणादायी व्याख्यान

- Advertisement -

काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी के आयुर्वेद संकाय के औषधीय रसायन विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. नेहा गर्ग द्वारा “ब्लॉकिंग कैंसर एंड कैंसर स्टेम सेल्स” विषय पर एक विशेष आमंत्रित व्याख्यान ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के स्नातकोत्तर वनस्पति विज्ञान विभाग में प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर शिक्षकगण, शोधार्थी, स्नातकोत्तर विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया।

- Advertisement -

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. अंकित कुमार सिंह, सहायक प्रोफेसर (सीनियर स्केल) द्वारा अतिथि वक्ता के स्वागत के साथ हुआ। उन्होंने अपने स्वागत भाषण में डॉ. नेहा गर्ग की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं शोध कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनका कार्य कैंसर अनुसंधान के क्षेत्र में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के व्याख्यान विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को नवीन वैज्ञानिक सोच एवं अनुसंधान की दिशा में प्रेरित करते हैं।

- Advertisement -

अपने व्याख्यान में डॉ. नेहा गर्ग ने कैंसर और कैंसर स्टेम सेल्स की जटिल संरचना एवं कार्यप्रणाली को सरल एवं वैज्ञानिक ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि कैंसर स्टेम सेल्स वे विशेष कोशिकाएं होती हैं जो कैंसर के पुनः विकसित होने, तेजी से फैलने तथा उपचार के प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विस्तार से समझाया कि वर्तमान समय में कैंसर उपचार की सबसे बड़ी चुनौती इन कैंसर स्टेम सेल्स को नियंत्रित करना है।

- Advertisement -

डॉ. गर्ग ने आधुनिक शोध एवं नवीन चिकित्सा पद्धतियों के उदाहरणों के माध्यम से बताया कि यदि कैंसर स्टेम सेल्स को लक्षित कर उपचार विकसित किया जाए तो कैंसर के पुनरावृत्ति की संभावना को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने कैंसर अनुसंधान में औषधीय रसायन विज्ञान की भूमिका पर भी प्रकाश डाला तथा बताया कि किस प्रकार नई औषधियों एवं जैव सक्रिय यौगिकों के माध्यम से कैंसर कोशिकाओं को प्रभावी ढंग से रोका जा सकता है।

व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों ने विषय से संबंधित अनेक जिज्ञासाएं प्रस्तुत की, जिनका डॉ. नेहा गर्ग ने अत्यंत सरल एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समाधान किया। प्रतिभागियों ने व्याख्यान को अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायी एवं शोधोन्मुख बताया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. सबिता वर्मा द्वारा की गई। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अकादमिक कार्यक्रम विद्यार्थियों में शोध के प्रति रुचि उत्पन्न करते हैं तथा उन्हें नवीन वैज्ञानिक चुनौतियों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. गजेन्द्र प्रसाद, एसोसिएट प्रोफेसर द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने अतिथि वक्ता, अध्यक्ष, आयोजकों, शिक्षकों एवं सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण एवं शैक्षणिक वातावरण में हुआ।

- Advertisement -
RELATED ARTICLES

Most Popular