Featured

कर्मनाशा नदी उफान पर, बिहार-यूपी मार्ग पर लगा ब्रेक, कैमूर में सड़क पर बह रहा पानी।

देश के कई हिस्सों में आसमान से बरसी आफत ने जनजीवन को थाम दिया है. दिल्ली, यूपी, झारखंड और राजस्थान में हालात बदतर हैं, तो बिहार भी पीछे नहीं. कैमूर जिले में कर्मनाशा नदी उफान पर है, और हालात इतने बिगड़े कि बिहार-यूपी को जोड़ने वाली दुर्गावती-ककरैत सड़क को पुलिस ने रस्सी और बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया.

कर्मनाशा नदी का जलस्तर बढ़ा: कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहार-उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाली प्रमुख सड़क दुर्गावती-ककरैत पथ पर आवागमन को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है. रविवार की रात से कर्मनाशा नदी में पानी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा, जिसके चलते यह एहतियाती कदम उठाया गया. पुलिस ने रस्सी और बैरिकेडिंग के सहारे इस मार्ग को पूरी तरह से बंद कर दिया है.

बाढ़ के खतरे से दुर्गावती-ककरैत पथ पर रोक: स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रविवार रात करीब 9 बजे नुआंव के समीप छलका प्वाइंट पर कर्मनाशा नदी का पानी सड़क पर चढ़ने लगा। शुरुआत में पानी का बहाव धीमा था लेकिन सोमवार दोपहर तक स्थिति गंभीर हो गई. देखते ही देखते नदी का जलस्तर इस कदर बढ़ा कि बहाव तेज हो गया और सड़क पर चलना खतरनाक हो गया.

पुलिस ने मार्ग किया अवरुद्ध:स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दुर्गावती पुलिस तत्काल हरकत में आई और पथ पर वाहनों का आवागमन रोक दिया. मौके पर पुलिस चौकसी बरत रही है. किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचाव के लिए रस्सियों से बैरिकेडिंग कर पूरे रास्ते को अवरुद्ध कर दिया गया है. डायल 112 की टीम भी स्थल पर मौजूद है और आने-जाने वालों को अन्य वैकल्पिक मार्ग से जाने की सलाह दी जा रही है।

राहगीरों की सुरक्षा की मांग:जन सुराज के जिला अध्यक्ष आनंद सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने सीओ और थानाध्यक्ष को फोन कर सड़क पर पानी के तेज बहाव की जानकारी दी और राहगीरों की सुरक्षा की मांग की. उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा उठाया गया यह कदम सराहनीय है और लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए.

“कर्मनाशा नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने से यह स्थिति उत्पन्न हुई है. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हमने इस रास्ते को पूरी तरह बंद कर दिया है. मैं स्वयं और 112 की पुलिस टीम मौके पर उपस्थित हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.”– राज कुमार सिंह, एसआई, दुर्गावती थाना

कर्मनाशा नदी में उफान 

ककरैत पथ पर पानी का कहर: दुर्गावती थाने के एसआई राज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस लगातार यूपी की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को समझा-बुझाकर वापस भेज रही है. खासकर रात के समय किसी भी वाहन को आगे नहीं जाने दिया जा रहा है. लोग भी पुलिस की बात मानते हुए वैकल्पिक मार्गों का सहारा ले रहे हैं, जिससे बड़ी दुर्घटना से बचाव संभव हो सका है.

पुलिस मुस्तैद: प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब तक कर्मनाशा नदी का जलस्तर सामान्य नहीं हो जाता, तब तक इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा. जैसे ही स्थिति नियंत्रण में आएगी, सड़क को फिर से खोल दिया जाएगा. पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और संयम बनाए रखने की अपील की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *