सहरसा में अगले 5 दिन मौसम का अलर्ट:हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान, किसानों को धान रोपाई का सुझाव।
भारत मौसम विज्ञान विभाग और बिहार कृषि विश्वविद्यालय ने सहरसा के लिए मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान 32-33 डिग्री सेल्सियस रहेगा। न्यूनतम तापमान 28 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, 19-20 जुलाई को हल्की बारिश होगी। 21-22 जुलाई को मध्यम वर्षा के साथ गरज-चमक की संभावना है। 23 जुलाई को बारिश की तीव्रता कम होकर हल्की रह सकती है। हवा 5 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिमी से दक्षिण-पश्चिमी दिशा में चलेगी।
धान की रोपाई करने की सलाह
क्षेत्रीय अनुसंधान संस्थान के कृषि वैज्ञानिक डॉ. देवन कुमार चौधरी ने किसानों को विशेष सलाह दी है। 20-25 दिन की धान की नर्सरी की रोपाई तुरंत करने को कहा है। खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था करने की सलाह दी है। खरपतवार नियंत्रण के लिए प्रेटीलाक्लोर का छिड़काव करने को कहा है।
रागी, कोदो और सावा की फसलों में जलजमाव से बचाव जरूरी है। मक्का की फसल में 15-20 दिन के भीतर पहली निराई-गुड़ाई करनी होगी। लीची, आम, लौकी, बैंगन और टमाटर में जल निकासी के साथ कीट नियंत्रण के लिए नीम तेल का छिड़काव करना है।
पशुपालकों को गलघोटू बीमारी से बचाव के लिए बरसात से पहले पशुओं का टीकाकरण कराना जरूरी है। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों से मौसम चेतावनी को गंभीरता से लेने और उसी के अनुसार कृषि कार्य करने की अपील की है।
पश्चिमी तटबंध पर बाढ़ के हालात
शनिवार को सुबह 8 बजे कोशी बराज पर नदी का जलस्तर 87 हजार 415 क्यूसेक डिस्चार्ज रिकार्ड दर्ज हुई। फिलहाल पूर्वी तटबंध और पश्चिमी तटबंध के भीतर बाढ़ जैसे हालात नहीं है। लेकिन कई इलाकों मे नदी का कटाव तेज है।
