पटना में 15 मिनट बिजली बंद, सायरन बजेंगे; बिहार के 5 शहरों में मॉक ड्रिल।
पटना में 15 मिनट बिजली बंद, सायरन बजेंगे; बिहार के 5 शहरों में मॉक ड्रिल कल केंद्र सरकार के निर्देशानुसार। बिहार के पटना, पूर्णिया, बेगूसराय समेत पांच शहरों में बुधवार को मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसके तहत पटना में 15 मिनट बिजली बंद की जाएगी। इस दौरान पूरे शहर में सायरन भी बजाए जाएंगे।
पटना में 15 मिनट बिजली बंद, सायरन बजेंगे; बिहार के 5 शहरों में मॉक ड्रिल कल पहलगाम हमले के बाद भारत और पाकिस्तान में उपजे तनाव के बीच केंद्र सरकार के निर्देशानुसार देश भर में बुधवार को मॉक ड्रिल होगी।
इसके तहत बिहार के 5 शहरों में मॉक ड्रिल की जाएगी। इनमें राजधानी पटना के अलावा, पूर्णिया, कटिहार, बेगूसराय और बरौनी शामिल है। पटना में प्रशासन इसकी तैयारियों में जुट गया है। इसके तहत बुधवार को पूरे शहर की बिजली 15 मिनट के लिए बंद कर दी जाएगी। सभी चौक-चौराहों एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर सायरन बजाए जाएंगे। लोगों को युद्ध होने पर अपना बचाव करने की जानकारी दी जाएगी।
बिहार राज्य आपदा प्राधिकरण और नागरिक सुरक्षा निदेशालय की ओर से मॉक ड्रिल का पूरा प्लान तैयार किया जा रहा है। मंगलवार शाम में पटना के डीएम चंद्रशेखर इस संबंध में आला पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। जानकारी के अनुसार मॉक ड्रिल के दौरान पटना में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के गांधी मैदान स्थित कार्यालय, पटना यूनिवर्सिटी, पटना मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल (पीएमसीएच) समेत अन्य महत्वपूर्ण जगहों पर एक साथ सायरन बजाया जाएगा।
इसके बाद फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की गाड़ियां सड़क पर दौड़ेंगी। लोगों को सिविल डिफेंस की ट्रेनिंग दी जाएगी। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों को इस संबंध में सर्कुलर भेजा है। इसके आधार पर बिहार सरकार मॉक ड्रिल की तैयारी कर रही है। सिविल डिफेंस के साथ ही होमगार्ड, एनसीसी और स्कूलों-कॉलेजों के बच्चों को भी मॉक ड्रिल में शामिल किया जा सकता है। इसमें हवाई हमले स्थिति में बचाव की तैयारियों पर जोर दिया जाएगा।
दरअसल, मॉक ड्रिल के जरिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि युद्ध या किसी बड़े हमले की स्थिति में आम लोगों को कैसे सुरक्षित किया जा सकता है। मॉक ड्रिल एक तरह की रिहर्सल होती है, प्राकृतिक आपदा (आग-भूकंप), युद्ध, हमले या अन्य आपातकालीन स्थिति की तैयारी के लिए इसे कराया जाता है।
