सहरसा : संत लक्ष्मीनाथ गोसाई का 231वां जन्मोत्सव:सहरसा में सरबा सद्भावना यात्रा निकली, MLA और मेयर मौके पर पहुंचे
सहरसा में 18वीं सदी के महान संत लक्ष्मीनाथ गोसाई के 231वें जन्मोत्सव के अवसर पर सहरसा के बनगांव स्थित बाबा कुटी से सरबा सद्भावना यात्रा निकाली गई। इस भव्य आयोजन में सहरसा के बीजेपी विधायक डॉ. आलोक रंजन, नगर निगम की मेयर बैन प्रिया और बनगांव नगर पंचायत की मुख्य पार्षद दीपिका ने मुख्य रूप से भाग लिया। यात्रा के दौरान प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे।
यात्रा का रूट और समापन सरबा सद्भावना यात्रा बनगांव से शुरू होकर सिहौल कुटी, परसरमा कुटी, बिहरा, पंचगछिया, दौरमा होते हुए मत्स्यगंधा मार्ग से सहरसा नगर निगम पहुंची। वहां से यह यात्रा वीर कुंवर सिंह चौक, थाना चौक और डीबी रोड होते हुए कहरा कुटी पर संपन्न हुई।
संत लक्ष्मीनाथ गोसाई का जन्म 1793 में परसरमा गांव में हुआ था। संत लक्ष्मीनाथ गोसाई सामाजिक सद्भाव और एकता के संदेशवाहक थे। उनके विचार और आदर्श आज भी समाज को जोड़ने की प्रेरणा देते हैं।
नेताओं का संदेश डॉ. आलोक रंजन (सहरसा विधायक): “विवाह पंचमी के पावन अवसर पर यह यात्रा सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए निकाली गई है। बाबा लक्ष्मीनाथ गोसाई का संदेश आज भी प्रासंगिक है।”
सहरसा मेयर बैन प्रिया ने बताया कि यह यात्रा जन्मस्थल परसरमा और कर्मस्थल बनगांव के बीच सांस्कृतिक और सामाजिक एकता को मजबूत करने का प्रतीक है। सैकड़ों श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए। पैदल मार्च के साथ-साथ टेंपू और बाइक सवार भी यात्रा का हिस्सा बने। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती से यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
महत्वपूर्ण दिन संत लक्ष्मीनाथ गोसाई के विचार और उनके सामाजिक सद्भाव का संदेश इस यात्रा के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने की कोशिश की गई। आयोजन ने सहरसा और आसपास के क्षेत्रों में आध्यात्मिकता और सामाजिक समरसता का माहौल तैयार किया।
