सहरसा : सदर अस्पताल में ऑर्थोपेडिक्स की सर्जरी शुरू:सहरसा में महिला के हाथ में लगा स्टील, मरीजों को मुफ्त में मिलेगी दवा
सदर अस्पताल में ऑर्थोपेडिक्स की सर्जरी शुरू हुई है।
सहरसा सदर अस्पताल में अब ऑर्थोपेडिक्स की सर्जरी शुरू हो गई है। हड्डी रोग से संबंधित गंभीर मरीजों को सर्जरी के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। बल्कि, मुफ्त ऑपरेशन हो जाएगा और मुफ्त में दवा भी उपलब्ध होगा। इसको लेकर सिविल सर्जन के मिश्रा ने जानकारी दी है।
पहले सहरसा मॉडल सदर अस्पताल में हड्डी रोग से जुड़े गंभीर मरीजों की सर्जरी की सुविधा नहीं थी। जिस वजह से सदर अस्पताल सहरसा में पहुंचने वाले गरीब लाचार मरीजों को बाहर जाना पड़ता था। ऐसे में हाल ही में बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार सह जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की थी। इस तरह की शिकायत मिलने पर उन्होंने सख्त निर्देश भी दिए थे कि मॉडल सदर अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ अस्पताल में तैनात है, तो गंभीर मरीजों के सर्जरी का इंतजाम किया जाये।
सौरबाजार प्रखंड के समदा गांव निवासी 55 वर्षीय कुसमा देवी के हाथ की हड्डी फैक्चर हो गई और टूटी हुई हड्डी का सर्जरी किया जाना अत्यधिक जरूरी था। सदर अस्पताल में महिला का सर्जरी किया गया और स्टील सेट किया गया।
गंभीर मरीजों के सर्जरी की शुरुआत
इस संबंध में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ राजेश रंजन ने जानकारी देते हुए बताया कि इस तरह के गंभीर मरीजों के सर्जरी की शुरुआत हो चुकी है। 55 वर्षीय महिला मरीज के हाथ की हड्डी टूटी हुई थी। जिसका सफल ऑपरेशन करके स्टील लगाया गया है। इस तरह के अगर कोई मरीज आते हैं तो उनका भी इलाज किया जाएगा। हालांकि, कुछ तकनीकी संसाधनों की कमी है। अगर वो उपलब्ध हो जाएगा,तो भविष्य में इससे बड़े ऑपरेशन भी यहां होगा।
महिला के हाथ में स्टील लगाया गया है।
सिविल सर्जन केके मिश्रा ने कहा कि ऑर्थोपेडिक के सर्जरी की शुरुआत हुई है। जो फिलहाल जरूरत के हिसाब से मरीजों का इसका फायदा मिलेगा। हांलाकि, कुछ स्टूमेंट की आवश्यकता है। उसके लिए हम लोग प्रयासरत हैं। ऑर्थोपेडिक्स सर्जरी नहीं हो रही थी। लेकिन, अब यह रेगुलर होगा।
