Featured

मधुबनी : सदर अस्पताल में ज्यादातर कार्यालय निर्धारित समय पर नहीं खुलते, परेशानी

सदर अस्पताल में ज्यादातर कार्यालय निर्धारित समय पर नहीं खुलते, परेशानी।
मनमानी . 10 बजे खुलना है ऑफिस, कहीं 10:30 तो कहीं 10:45 में खुलते कार्यालय

स्वास्थ्य विभाग में कई अधिकारी व कर्मी निर्धारित समय से कार्यालय नहीं पहुंचते हैं जिस वजह से कुछ मेडिकल जांच , जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र, ड्रग लाइसेंस, एसीएमओ ऑफिस से सम्बंधित कार्यों के लिए लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। वर्तमान में स्वास्थ्य विभाग में 10 से संचालन शुरू होना है लेकिन कई कार्यालय का तो 10:30 तक ताला ही नहीं खुला था तो कर्मी व अधिकारी के मौजूदगी की तो बात ही दूर है। सदर अस्पताल में कई कार्यालयों में दिन के 11 बजे तक कोई कर्मी नहीं पहुंचते हैं जिस कारण कार्यों का निष्पादन करवाने पहुंचे लोगों को निराश लौटना पड़ता है। जबकि कई बार वरीय पदाधिकारियों के द्वारा सभी कार्यालय को भी निर्धारित समय पर खोलने का निर्देश दिया हुआ है। ऐसे में इन कर्मियों के द्वारा कहीं ना कहीं वरीय अधिकारियों के आदेश की अवहेलना भी की जा रही है। हालांकि सिविल सर्जन कार्यालय निर्धारित समय से खुला पाया गया व दोनों प्रधान लिपिक व अन्य लिपिक कार्यों का निष्पादन करने में लगे हुए थे। सदर अस्पताल के स्थापना कार्यालय में लगभग 10:30 तक ताला लगा हुआ था व कोई भी कर्मी नहीं आए थे जिस कारण कुछ सम्बंधित कार्य के लिए पहुंचे लोग काफ़ी देर इंतज़ार करते रहें। स्थिति यह रही कि दो महिला पुलिस कर्मी जो किसी मरीज का मेडिकल जांच करवाने पहुंची थी उन्हें भी काफ़ी देर इंतज़ार करना पड़ा। साथ ही एसीएमओ कार्यालय में भी 10:25 में चतुर्थ वर्गीय कर्मी उपस्थित थे व साफ सफाई कर रहे थे शेष लिपिक व कर्मी गायब मिले। कुष्ठ विभाग का भी यही हाल देखने को मिला। वहीं, मलेरिया, फाइलेरिया, गैर संचारी कार्यालय, जिला औषधि नियंत्रण कार्यालय में दो ड्रग इंस्पेक्टर मौजूद थे शेष नदारद दिखे। ओपीडी में भी चाइल्ड ओपीडी में 10 बजे चिकित्सक अनुपस्थित थे। कुष्ठ विभाग में भी निर्धारित समय के बाद एक फिजियोथेरेपिस्ट व एक लिपिक पहुंचे। स्थिति यह है कि सदर अस्पताल में हाजिरी बनाने के लिए लगे कई बायोमेट्रिक मशीन भी खराब पड़ा है। जिसे ठीक नहीं करवाया जा सका है जिसका फ़ायदा कार्यालय में कार्यरत कर्मी उठा रहें हैं। सिविल सर्जन डॉ नरेश कुमार भीमसारिया ने बताया कि जो भी कर्मी अनुपस्थित पाए गए हैं उनसे जवाब मांगा जा रहा है। निर्धारित समय से नहीं आने वाले कर्मियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कोई बहाना नहीं चलेगा।

एसीएमओ कार्यालय में 10:25 बजे लिपिक व कर्मी गायब पाए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *