Featured

लनामिवि, दरभंगा के कुलपति प्रो संजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में सिंडिकेट की बैठक आयोजित, लिए गए महत्त्वपूर्ण निर्णय


ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में हाइब्रिड मोड में सिंडिकेट की महत्त्वपूर्ण बैठक कुलपति के आवासीय कार्यालय में आयोजित हुई, जिसमें ऑफलाइन मोड में प्रो हरि नारायण सिंह, डॉ बैद्यनाथ चौधरी ‘बैजू’, प्रो धनेश्वर प्रसाद सिंह, मीना झा, प्रो अशोक कुमार मेहता, प्रो विजय कुमार यादव, डॉ गजेन्द्र प्रसाद, प्रो दिलीप कुमार चौधरी, जबकि ऑनलाइन मोड में डॉ शिखर वासिनी एवं डॉ अमर कुमार आदि उपस्थित रहे।
बैठक हेतु निर्धारित गणपूर्ति की जानकारी के बाद अध्यक्ष की अनुमति से प्रभारी कुलसचिव सह सिंडिकेट सदस्य प्रो अशोक कुमार मेहता के संचालन में बैठक प्रारंभ हुई।
सर्वसम्मति से गत 30 अगस्त को संपन्न सिंडिकेट की बैठक की कार्यवृत्त की संपुष्टि की गई। वहीं गत 22 सितंबर को संपन्न विद्वत परिषद् की बैठक में लिए गए निर्णयों का अनुमोदन किया गया तथा गत 23 सितंबर को आयोजित वित्त समिति की बैठक के कार्यवृत्त की भी संपुष्टि की गई। बैठक में सदस्यों द्वारा विश्वविद्यालय के अंतर्गत सभी 34 संबद्ध कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु नामित विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों से संबंधित निर्गत अधिसूचना को घटनोत्तर स्वीकृति दी गई।

अतिरिक्त मद में प्रो हरि नारायण सिंह की मांग पर निर्णय लिया गया कि बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग, पटना की अनुशंसा पर नियुक्त कुछ शिक्षकों के रुके हुए वेतन भी जांच पूर्ण होने तक नियमित रूप से दिया जाए। प्रो सिंह के साथ ही डॉ बैद्यनाथ एवं प्रो मेहता ने भी कुलपति के सकारात्मक रूप से उदारता पूर्वक काम करने की प्रशंसा करते हुए आगामी पर्व-त्योहार को ध्यान में रखते हुए शीघ्र वेतन निर्गत किए जाने का समर्थन किया, जिसपर कुलपति ने सहमति प्रदान की। प्रो मेहता की उक्त जांच समिति के पुनर्गठन की जरूरत की मांग के आलोक में कुलपति ने जांच समिति के पुनर्गठन हेतु प्रो मेहता को निर्देश देते हुए यथाशीघ्र जांच प्रक्रिया पूरा करने का निर्देश दिया। वहीं मीणा झा ने सिंडिकेट से पास होने वाले सभी निर्णयों के अनुपालन सुनिश्चित करने की मांग की।

डॉ बैजनाथ चौधरी ‘बैजू’ की मांग पर कुलपति ने बताया कि दुर्गा पूजा के पहले प्रोन्नति किए जाने वाले सभी शिक्षकों की अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। भविष्य की जरूरत को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय/अंगीभूत महाविद्यालय परिसर में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना द्वारा परीक्षा भवन/बज्रगृह के निर्माण की मांग पर भी बैठक में सहमति प्रदान की गई। डॉ एपीजे अब्दुल कलाम डब्ल्यूआईटी, दरभंगा की मैनेजिंग काउंसिल की गत 30 जुलाई की बैठक में कई विभागों हेतु कंप्यूटर प्रयोगशाला की स्थापना हेतु स्वीकृत बजट का सिंडिकेट ने अनुमोदन किया। प्रो अशोक कुमार मेहता के धन्यवाद ज्ञापन के उपरांत अध्यक्ष की अनुमति से बैठक समाप्त हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *