रोजगार सह मार्गदर्शन मेला बना युवाओं के लिए अवसरों का मंच
ग्रामीण युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने की पहल,रोजगार मेले में उमड़ी भीड़
696 युवाओं ने कराया निबंधन,430 युवाओं का हुआ चयन
युवक के साथ युवतियों में भी दिखा गजब का उत्साह, रोजगार मेले में भारी भीड़
रोजगार हेतु युवक-युवतियों को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार मुहैया करवाने के उद्देश्य से जीविका की ओर से बुधवार, 21 जनवरी 2026 को हनुमाननगर के डीलाही स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में रोजगार सह मार्गदर्शन मेला आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत-गान एवं राष्ट्रगान के साथ किया गया।
मिथिला परंपरा के अनुरूप जीविका दीदियों द्वारा पाग, चादर एवं पौधा भेंट कर अतिथियों का सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।
उद्घाटन के पश्चात अतिथियों ने विभिन्न कंपनियों के स्टॉलों का भ्रमण किया तथा उपस्थित युवाओं से सीधा संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
जिला परियोजना प्रबंधक डॉ.ऋचा गार्गी, बीपीएम निशान्त कुमार व रोजगार प्रबंधक राहुल कुमार बिल्टू व अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर रोजगार सह मार्गदर्शन मेले का उद्घाटन किया।
रोजगार मेला को लेकर क्षेत्र के शिक्षित युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला, सुबह से ही मेला परिसर में युवाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
रोजगार एवं कौशल प्रशिक्षण के अवसरों को लेकर युवाओं में गहरी रुचि देखने को मिली,वहीं युवकों के साथ-साथ युवतियों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।
जिला परियोजना प्रबंधक डॉ.ऋचा गार्गी ने कहा कि रोजगार सह मार्गदर्शन मेला युवाओं एवं जीविका दीदियों के लिए एक सशक्त मंच है,जहाँ उन्हें न केवल रोजगार के अवसर मिलते हैं,बल्कि सही मार्गदर्शन और कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने की दिशा भी मिलती है।
जीविका का उद्देश्य प्रत्येक परिवार को सतत आजीविका से जोड़कर सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण सुनिश्चित करना है।
उन्होंने उपस्थित युवाओं से अपील की कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएँ और अपने कौशल व क्षमताओं के अनुरूप रोजगार का चयन कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ें।
बीपीएम निशान्त कुमार ने बताया कि यह पहल ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने और स्थानीय स्तर पर आजीविका के नए अवसर सृजित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सुनियोजित रणनीति के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से युवाओं एवं जीविका दीदियों को रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास से जुड़ा निरंतर मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
प्रशिक्षण,परामर्श और विभिन्न योजनाओं से जोड़कर लाभार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जाएंगे।
संचार प्रबंधक राजा सागर ने कहा कि ऐसे आयोजन योजनाओं को ज़मीन तक पहुँचाकर भविष्य की दिशा तय करने में मदद करते हैं।
सही मार्गदर्शन से ही रोजगार और स्वरोजगार की नई राह खुलती है। ऐसे मेलों के माध्यम से रोजगार के अवसरों तक सीधी पहुँच बनती है,जो जिले के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
रोजगार प्रबंधक राहुल कुमार बिल्टू ने जानकारी दी कि इस रोजगार मेले में 13 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर कई कंपनियों द्वारा योग्य अभ्यर्थियों को ऑन द स्पॉट नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए।
उन्होंने बताया कि मेले की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि कुल 696 युवाओं ने निबंधन कराया,जिनमें से 315 युवाओं का सीधी भर्ती हेतु चयन,45 युवाओं का कौशल, प्रशिक्षण एवं नियोजन के अंतर्गत प्रशिक्षण हेतु चयन तथा 70 युवाओं ने स्वरोजगार प्रशिक्षण के लिए आवेदन किया।
कार्यक्रम स्थल पर जीविका जिला कार्यालय से शान्तनु ठाकुर, आशीष कुमार, ब्रजेश कुमार, रश्मि कुमारी, संतोष कुमार चौधरी, उत्तम कुमार, नरेश कुमार, अजय राव, बीपीएम सुकेश मिश्रा, प्रखंड कार्यालय से रमेश पासवान, रचना पराशर, अमर रावत, जेआरपी संतोष पासवान, अजित और मुकेश कुमार सहित सैकड़ों जीविका दीदियाँ मौजूद थी।
