नवरात्र में सब्जियों के दाम दोगुने:सहरसा में फूलगोभी 120 और धनिया पत्ती 200 रुपए किलो तक पहुंची।
सहरसा में नवरात्र की शुरुआत के साथ सब्जियों के दाम में भारी वृद्धि हुई है। बाजार में हरी सब्जियों की कीमतें दोगुनी हो गई हैं। जो सब्जियां पहले 20 रुपए किलो थीं, वे अब 40 रुपए से अधिक में बिक रही हैं। बाजार सर्वेक्षण से पता चला है कि कद्दू 50 रुपए किलो पर पहुंच गया है।
भिंडी, मूली, बैंगन और परवल 40 रुपए किलो बिक रहे हैं। पत्ता गोभी 60 रुपए और फूलगोभी 120 रुपए किलो तक पहुंच गई है। टमाटर 40 रुपए, नया आलू 60 रुपए और हरी धनिया पत्ती 200 रुपए प्रति किलो तक बिक रही है।
महंगाई से लोग परेशान
वार्ड नंबर 13 की निवासी राजकुमारी देवी ने बताया कि महंगाई ने घरेलू बजट को पूरी तरह बिगाड़ दिया है। उनके अनुसार रोजमर्रा की जरूरत की सब्जियों की कीमतें इतनी बढ़ गई हैं कि गृहिणियों के लिए रसोई चलाना मुश्किल हो गया है।
थोक विक्रेता राजू कुमार के मुताबिक नवरात्र में मांग बढ़ने, आपूर्ति में कमी और परिवहन खर्च बढ़ने से कीमतें बढ़ी हैं। हालांकि, ग्राहकों का आरोप है कि हर त्योहार पर कृत्रिम महंगाई की जाती है। नवरात्र में फलाहार और हरी सब्जियों की मांग अधिक होने से यह स्थिति और भी चिंताजनक हो गई है।
