राशन वितरण में गड़बड़ी का मामला:दरभंगा में डीलर और उपभोक्ता में हाथापाई, दोनों ने थाने में की शिकायत।
दरभंगा जिले के घनश्यामपुर प्रखंड के कोर्थु गांव में राशन वितरण को लेकर विवाद हुआ है। उपभोक्ता शंभू सहनी ने डीलर प्रमोद सहनी पर राशन वितरण में अनियमितता का आरोप लगाया है।
शंभू सहनी का कहना है कि डीलर पिछले दो साल से नियमित राशन नहीं दे रहा है। वह दो-तीन महीने में एक महीने का राशन देता है। अंगूठा पॉश मशीन पर लगवाने के बाद अगली बार दो महीने का राशन देने का आश्वासन देता है।
26 मई को शंभू अपने गवाहों के साथ राशन लेने पहुंचे। डीलर ने एक महीने का राशन दिया। विरोध करने पर डीलर ने अपने समर्थकों को बुला लिया। इसके बाद मनोज सहनी, सरोज सहनी और भारती देवी समेत कई लोगों ने शंभू के साथ मारपीट की।
डीलर प्रमोद का कहना है कि 23 मई को शंभू 30 किलो अनाज ले गए थे। 26 मई को शंभू अपने परिवार के साथ उनके घर में घुसकर मारपीट की। इस दौरान प्रमोद की पत्नी भारती देवी का हाथ टूट गया। प्रमोद ने 1 जून को थाने में शिकायत दर्ज कराई।
थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि शंभू सहनी की शिकायत मंगलवार को मिली थी। गुरुवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
