पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक एसके सुमन ने बताया कि जबतक मॉनसून नहीं आ जाता तब तक प्रचंड गर्मी का अटैक जारी रहेगा. लू और उमस भरी गर्मी की संभावना बनी रहेगी.
आज यानी 09 जून को भोजपुर, बक्सर, भभुआ, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जमुई, बांका और भागलपुर में भीषण लू चलने की संभावना है. दिन का तापमान 42°C से 44°C के बीच रहने की संभावना है. इस दौरान गर्म पछुआ हवा की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटे रहने की संभावना है. इन सभी 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. दिन की शुरुआत तेज और तीखी धूप से हुई है.
मॉनसून अपडेट
बिहार में दक्षिण पश्चिम मॉनसून आने में अभी थोड़ा विलंब है. वैज्ञानिक एसके सुमन के अनुसार जब आसमान में सबसे निचले स्तर का बादल दिखाई पड़ने लगे तभी मॉनसून के आने का संकेत माना जाता है. ये बादल आसमान में रुई की तरह उड़ता हुआ नजर आयेगा. अगर ऐसा दिखे तो समझ जाइए मॉनसून आ रहा है.
कैसा रहा 8 जून
8 जून को पूरे बिहार में प्रचंड गर्मी रिकॉर्ड किया गया. पटना, गया, गोपालगंज, जमुई, राजगीर, जिरादेई और मुंगेर में लू रिकॉर्ड किया गया वहीं शेखपुरा, बक्सर, भोजपुर, वैशाली, औरंगाबाद, बांका, नवादा और अरवल में भीषण लू दर्ज किया गया. तापमान की बात करें तो इस दिन बिहार का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 45.3°C बक्सर में रिकॉर्ड किया गया. टॉप 5 गर्म जिलों की बात करें तो बक्सर के अलावा औरंगाबाद में 44.6°C, अरवल और वैशाली में 44.5°C, डेहरी में 44.4°C, भोजपुर में 44.3°C और शेखपुरा में 44.2°C दर्ज किया गया.