घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के शिवनगरघाट-रसियारी पीडब्ल्यूडी सड़क में शिवनगर घाट मोड़ के पास मंगलवार की दोपहर एक डंपर की चपेट में आने से एक बालक की मौत हो गई। मृत बालक मो. जमीर (6 वर्ष) गांव के ही मो. किस्मत का पुत्र बताया जाता है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक जमीर अपने घर के पास सड़क किनारे खड़ा था।
इसी बीच शिवनगर घाट की तरफ से आ रही बेलगाम डंपर ने उसे कुचल दिया। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चारों तरफ चीख पुकार मच गई।
इसी बीच ड्राइवर वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर बांस बाला लगाकर शिवनगरघाट-घनश्यामपुर तथा शिवनगरघाट-बिरौल सड़क को जाम कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही घनश्यामपुर तथा बिरौल थाने की पुलिस जाम हटवाने के प्रयास में जुटी है। पुलिस अवर निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि मुआवजे आदि की मांग को लेकर ग्रामीण सड़क जाम किए हैं।