दरभंगा: अंधविश्वास के चक्कर में फंसकर चाचा-भतीजा में लड़ाई हो गई और गाली-गलौज के बाद भतीजे ने कुदाल से वार कर दिया। इससे बुजुर्ग चाचा का सिर फट गया। इसके बाद लहुलुहान बुजुर्ग को परिजनों ने डीएमसीएच इमरजेंसी में भर्ती कराया।
घटना बहादुरपुर थाना क्षेत्र के देकुली गांव में गुरुवार को हुई। घायल बुजुर्ग इसी गांव निवासी सुफल यादव (70) हैं। पुत्री सालो देवी ने बताया कि मेरा छोटा भाई जुगल किशोर यादव कई महीनों से बीमार है। उसी के स्वस्थ होने के लिए बुधवार को पूजा-पाठ की गयी थी।
इस दौरान झाड़-फूंक के क्रम में जोग-टोन की बात बताई गई। इसी बात को लेकर मेरे चचेरे भाई सिकंदर यादव से पिता सुफल यादव की बहस होने लगी और उसने कुदाल से सर फोड़ दिया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया।