महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने बुधवार को पुणे के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद गिरीश बापट के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।श्री शिंदे ने अपने शोक संदेश में कहा, “जब मैं उनसे मिलता था तो राजनीति ही नहीं, कई विषयों पर उनका ज्ञान देखकर चकित रह जाता था।
ऐसे मिलनसार और सहृदय नेता का आज निधन हो गया।” उन्होंने कहा कि राजनीति में सर्व समावेशी नेतृत्व खो गया है।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस ने बुधवार को पुणे के सांसद गिरीश बापट के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह राजनीति में एक महान व्यक्ति थे, जो जमीन से जुड़े थे।
श्री फडनवीस ने ट्वीट किया,“राजनीति में एक जमीन से जुड़ी और बड़ी शख्सियत का निधन हो गया है। पार्टी के लिए भी एक बड़ी क्षति है।”राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद शरद पवार ने उन्हें एक ऐसे व्यक्ति के रूप में याद किया जो हमेशा समावेशी राजनीति में विश्वास करते थे।
श्री पवार ने अपने ट्वीट में कहा,“पुणे लोकसभा सांसद गिरीश बापट के निधन की खबर बहुत दुखद है। चार दशक के अपने करियर में बापट ने अपने राजनीतिक सफर में हमेशा समावेशी रुख अपनाया है।”राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता और राकांपा के वरिष्ठ नेता अजीत पवार ने अपने शोक संदेश में कहा कि, राज्य के पूर्व मंत्री और वर्तमान सांसद बापट का निधन पुणे जिले के सभी राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ताओं के लिए एक बड़ा झटका है।
श्री पवार ने कहा,“हमने एक वरिष्ठ सहयोगी, एक दयालु मित्र खो दिया है। पुणे जिला, राज्य को हमेशा गिरीश भाऊ की कमी खलेगी। उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। मैं उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। गिरीश भाऊ के परिवार और कार्यकर्ताओं के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।”