दबंगों ने एक महादलित महिला को पहले तो नंगाकर लाठी से पीटा और फिर उसको पिलाया पेशाब.

बिहार की राजधानी पटना हो या फिर प्रदेश का कोई भी हिस्सा अपराध में जिस तेजी से यहां बढ़ोतरी हुई है वह प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है. राजधानी पटना में जो घटना घटी है उसने अभी पूरे प्रदेश को हिलाकर रख दिया है. यहां दबंगों ने एक महादलित महिला को पहले तो नंगाकर लाठी से पीटा और फिर उसको पेशाब पिलाया.

महिला की इतनी बुरी तरह से पिटाई हुई कि उसके सिर से खून बह निकला. महिला इस पिटाई में गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे इलाज के लिए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया. इस घटना के बाद से पीड़ित का परिवार जहां एक ओर दहशत में है वहीं पूरे दलित टोले में इस वाकये की बाद से ही सनसनी फैल गई है.

दबंगों का खौफ इतना है कि डर के मारे लोग कुछ भी नहीं बोल रहे हैं. बता दें कि पटना के खुसरुपुर थाना क्षेत्र में यह मानवता को शर्मसार कर देनेवाली घटना घटी है. घटना इस थाना क्षेत्र के मौसिमपुर गांव का बताया जा रहा है. पुलिस की तरफ से भी पीड़िता का बयान अस्पताल में जाकर दर्ज कराया जा चुका है. इस मामले में अभी तक किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, इस वजह से भी टोले के लोग दहशत में नजर आ रहे हैं.

अस्पताल में भर्ती पीड़ित महिला की मानें तो गांव के ही दबंग प्रमोद सिंह और उनके बेटे के साथ चार अन्य लोगों ने मिलकर शनिवार की रात पहले तो उनके घर पर पहुंचकर जबरन उसे अपने घर ले आए. फिर उसके साथ हैवानियत का यह खेल खेला गया. पहले तो दबंगों ने महिला को नंगाकर लाठी-डंडों से पीटा और इतने से भी मन नहीं भरा तो दबंग प्रमोद सिंह ने अपने बेटे अंशु से महिला के मुंह में पेशाब करने का आदेश दिया. महिला वहां से किसी तरह जान बचाकर भागने में कामयाब रही.

बताया जा रहा है कि महिला के साथ इतना कुछ पैसों की लेनदेन की वजह से हुआ. वहीं महिला के परिजनों की मानें तो महिला ने दबंग से कुछ रुपए उधार लिए थे. उसका मूलधन और ब्याज दोनों दे दिया था लेकिन, फिर भी उससे बार-बार तकादा किया जा रहा था. पैसा नहीं देने की हालत में उसे गांवभर में नंगा घूमाने की धमकी भी दी जा रही थी. इसको लेकर घटना वाले दिन भी महिला के साथ दिन में मारपीट की गई थी. जिसकी जानकारी फोन के माध्यम से महिला ने पुलिस को दी थी. जिससे दबंग प्रमोद सिंह आगबबूला हो गया और रात में उस वहसियाना घटना को अंजाम दिया.

Nt Office: