बेतिया में खेत मे मवेशी चराने को लेकर हुए विवाद में दबंगों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर हत्या कर दी है। घटना मझौलिया थाना क्षेत्र के डूमरी महानवा गांव की है।
मृतक की पहचान मझौलिया थाना क्षेत्र के डुमरी महानवा गांव निवासी स्वर्गीय पारस यादव के 50 वर्षीय पुत्र रामकृत यादव के रूप में की गई है।
बड़े भाई रामेश्वर प्रसाद ने बताया कि शनिवार की शाम गांव के केदार यादव, छोटेलाल यादव और मुन्ना यादव से मेरे छोटे भाई की कहासुनी खेत में मवेशी चराने को लेकर हुई थी। शनिवार की शाम में मेरे भाई के खेत में छोटे लाल यादव ने भैंस चराने के लिए छोड़ दिया था। मेरा भाई ने जब उसके परिजन और छोटेलाल यादव से इस बात की शिकायत की तो वे लोग आग बबूला हो गए। उसके साथ मारपीट की।
दोनों तरफ से कुछ देर बकझक होता रहा, फिर मामला शांत हो गया। मेरा भाई अपने घर चला आया। हम लोगों ने सोचा कि विवाद खत्म हो गया, लेकिन जब रविवार की सुबह खाना खाकर मेरा भाई घर से निकला तो रास्ते में मुन्ना यादव, छोटे लाल यादव, और लेदार यादव ने उसे घेर लिया। उसके ऊपर तीन राउंड गोली चलाई। गोली मेरे भाई रामकृत यादव को लगी और उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने आनन-फानन में इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मझौलिया इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष अभय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। बहुत ही जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।