हथियार के साथ ग्रामीणों ने पकड़ा तीन संदिग्ध युवकों को, किया पुलिस के हवाले।

दरभंगा : केवटी पुलिस का काम को स्थानीय लोगों ने ही कर दिया।लेकिन ग्रामीणों को डरपोक समझने की गलतफहमी अपराधियों पर भारी पड़ गई। गांव वालों ने रैयाम-रनवे मार्ग के पुरानी टोला स्थित गैस गोदाम के समीप से तीन संदिग्ध लोगों को दबोच लिया। इसके बाद उन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। तीनों अपराधियो के पास से एक पिस्टल और एक बाइक बरामद की गई। केवटी थाना की पुलिस तीनों का आपराधिक इतिहास जुटाने में लगी है। बताया जाता है कि रैयाम-रनवे मार्ग के पूरानी टोला स्थित गैस गोदाम के पास तीनो संदिग्ध किसी बड़ी आपराधिक वारदात की योजना बना रहे थे। तभी ग्रामीणों की नजर इन तीनों पर पड़ी। लोगों ने पूछताछ करना शुरू किया लेकिन ये संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। उल्टा इनमें से एक शिवम महतो कमर से पिस्टल निकाल कर लोगों को डराने की कोशिश करने लगा। यही गलती उसे भारी पड़ गई। गांववालों की भीड़ ने इसके बाद तीनों अपराधियों को दबोच लिया।

गिरफ्तार अपराधियो की पहचान रैयाम थाना क्षेत्र के कमलदह गांव निवासी इंद्रजीत चौपाल, जशो चौपाल, केवटी थाना क्षेत्र के छतवन गांधी चौक के शिवम महतो के रूप में की गई। पुलिस के पूछताछ के क्रम में भी तीनों ने कोई संतोष जनक जबाव नहीं दिया। ना ही बाइक से संबंधित कोई कागजात दिखाये। पुलिस को ऐसा लग रहा है कि ये लोग किसी बड़े कांड को अंजाम देने के लिए इकट्ठे हुए थे। केवटी थानाध्यक्ष रानी कुमारी ने बताया कि ग्रामीणों के सहयोग से तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से एक पिस्टल बरामद किया गया है। तीनों के ही रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है।

Darbhanga Office: