कपड़े में बंधा कागज का बंडल महिला को थमा कर बदमाशों ने उड़ाए पैसे, पुलिस कर रही जांच।

बिहार के गोपालगंज में थावे रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया की गोपालगंज शाखा से रुपये की निकासी कर लौट रही महिला को बाइक सवार उचक्कों ने अपना शिकार बना लिया।

कागज का बंडल थमाकर उनके पास रखे 40 हजार रुपये उड़ा लिए। इस घटना के बाद पीड़ित महिला के बयान पर प्राथमिकी करने के बाद नगर थाने पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, मांझागढ़ थाना क्षेत्र के छवही गांव निवासी जमानती देवी बीते चार सितंबर को बैंक ऑफ इंडिया की गोपालगंज शाखा से 40 हजार रुपये निकाल कर बैग में रखने के साथ ही बैंक से बाहर निकली।

इस दौरान महिला को बैंक से बाहर निकलते देखकर बाइक सवार दो उचक्कों ने उनके पास पहुंचकर कागज का बंडल थमा दिया। इसके बाद झांसे में लेकर बैंक में जमा करने की बात कहते हुए 40 हजार रुपये महिला से लिए और फरार हो गए।

इस बाद महिला कपड़ा में बंधा कागज का बंडल लेकर नगर थाना पहुंची। वहां घटना के बारे में पुलिस को जानकारी दी।

इसके बाद नगर थाना की पुलिस ने बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। इसके बाद महिला के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। नगर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि महिला को झांसा देने के बाद उचक्कों ने पैसा उड़ाने का कार्य किया है। पुलिस मामले में कार्रवाई करने में जुटी हुई है।

Darbhanga Office: