छत पर मृत मिला दस फीट लंबा अजगर, घंटों तक बनी रही जाम की स्थिति।

अनीसाबाद में एनएच किनारे एक मार्केट की छत पर सोमवार को 10 फीट लंबा अजगर मृत पड़ा था। इसे देखने के लिए भीड़ लग गई। इस वजह से एनएच की दोनों लेन में एक घंटा तक जाम की स्थिति बनी रही। वल्मीचक मोड़ के पास मंदिर से एक बिल्डिंग बाद वाले मार्केट की छत पर अजगर की पूंछ और मुंह सड़क की तरफ लटका था। बीच का हिस्सा छत पर था।

सुबह दुकान खोलने आए दुकानदाराें ने इसे देखा। जहां पर सांप मृत पड़ा था, वहां बिजली के तीन-चार तार हैं। करंट लगने से अजगर की मौत होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। दोपहर करीब 12 बजे उसे नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली गाड़ी लेकर चली गई।

जूलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया के डायरेक्टर डाॅ. गोपाल शर्मा ने बताया कि लगातार बारिश होने पर सांप बाहर निकलने लगते हैं। आसपास के पुराने मकान या खाली जमीन, जिसमें पेड़-पौधा या कूड़ा-कचरा भरा होगा, इसी में कई वर्षों से रहा होगा। बारिश होने पर बाहर निकला हाेगा। यह अजगर चूहा, खरगोश, हिरण के बच्चा, बकरी के बच्चा, मुर्गी, मेंढ़क सहित अन्य छोटे-छोटे जीव-जंतु का अपना शिकार बनाता है।

Darbhanga Office: