जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में आज सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत विद्यालयों में आधारभूत संरचनाओं के विकास एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अभियान के सुचारु संचालन, योजनाओं की पोर्टल पर प्रविष्टि, तकनीकी एवं प्रशासनिक स्वीकृति तथा कार्यों की नियमित निगरानी के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों (BEO) को निर्देश दिया कि कायाकल्प पोर्टल पर विद्यालयवार योजनाओं की प्रविष्टि अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराई जाए।
उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों में योजनाओं से संबंधित कार्य पूर्ण हो चुके हैं,उनकी प्रविष्टि भी पोर्टल पर अद्यतन एवं पूर्ण रूप से कराई जाए,ताकि योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी प्रखंडों में पदस्थापित कनीय अभियंताओं को निर्देश दिया कि विद्यालय स्तर पर क्रियान्वित की जाने वाली प्रत्येक योजना का नियमानुसार तकनीकी प्राक्कलन (Technical Estimation) तैयार किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं की पोर्टल पर प्रविष्टि, तकनीकी प्राक्कलन तैयार करने तथा प्रशासनिक अनुमोदन की प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत ही नियमानुसार कार्यों का क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
कार्य पूर्ण होने के बाद संबंधित विद्यालयों की अद्यतन तस्वीरें भी कायाकल्प पोर्टल पर अपलोड की जाएं,ताकि कार्यों की प्रगति एवं पूर्णता का सत्यापन किया जा सके।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि पूरी प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा के भीतर पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न की जाए।
सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करें।
इस क्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा अभियान के सुचारु क्रियान्वयन एवं प्रभावी अनुश्रवण के लिए की जाने वाली मॉनिटरिंग व्यवस्था के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
दरभंगा जिला अंतर्गत शिक्षा विभाग में पदस्थापित छह PO/DPO को निर्धारित प्रखंडों की जिम्मेदारी सौंपी गई है तथा संबंधित प्रखंडों में योजनाओं की प्रगति, पोर्टल पर प्रविष्टि, तकनीकी एवं प्रशासनिक स्वीकृति तथा कार्यों के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी के लिए उनकी जवाबदेही निर्धारित की गई है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे आवंटित प्रखंडों में योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करें तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुपालन एवं कार्यों की अद्यतन स्थिति से संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि अभियान का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन किया जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास तथा योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन प्रशासन की प्राथमिकता है। इस दिशा में सभी संबंधित पदाधिकारी निर्धारित दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करें तथा अभियान के उद्देश्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करें।