प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार दरभंगा श्री अजय कुमार शर्मा के निर्देश पर न्यायिक पदाधिकारियों के नेतृत्व में जागरूकता कार्यक्रम के जरिए बच्चों को बाल सुरक्षा संबंधी कानूनों, व्यक्तिगत सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, मुफ्त कानूनी सहायता आदि की जानकारी दी गई।
जिला प्राधिकार के प्रभारी सचिव सीजेएम श्री जुनैद आलम ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नालसा द्वारा बच्चों को जागरुक करने के लिए अखिल भारतीय विद्यालय जागरूकता अभियान चलाया गया है।
साथ ही इसके तहत प्रथम चरण में 26 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक न्यायिक पदाधिकारियों के नेतृत्व में गहन जागरूकता अभियान चलाया गया है।
अभियान का दूसरा चरण नवंबर 2026 से नवंबर 2027 तक विद्यालय स्तर पर संचालित होगा। कार्यक्रम के दौरान न्यायिक पदाधिकारियों ने बच्चों को पोक्सो अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम, बाल श्रम, बाल विवाह, गुड टच- बैड टच आदि विषयों पर जानकारी देते हुए उन्हें जागरूक होने और दुर्व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाने का संदेश दिया।
मारवाड़ी उच्च विद्यालय में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी सुधांशु रंजन सिंह, मुकुंदी चौधरी उच्च विद्यालय कादिराबाद में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी अभिषेक पनवार, महावीर साहू मध्य विद्यालय मदारपुर में न्यायिक मजिस्ट्रेट आनंद सौरव, बेनीपुर पब्लिक स्कूल में सिविल जज जूनियर डिवीजन श्रेया कुशवाहा और उच्च विद्यालय एवं मध्य विद्यालय कोयला जान बिरौल में सिविल जज जूनियर डिवीजन राकेश कुमार दीपक के नेतृत्व में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इसके अलावा पैनल अधिवक्ताओं, पारा विधिक स्वयंसेवकों, एनजीओ सहित अन्य हितधारकों ने सैकड़ों विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को जागरुक किया।