बिहार विधान परिषद निर्वाचन दरभंगा जिले में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न


स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 52.48 प्रतिशत तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 82.61 प्रतिशत मतदान
डीएम एवं एसएसपी ने विभिन्न मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
जिला प्रशासन कंट्रोल रूम से लगातार करते रहे निगरानी
बिहार विधान परिषद निर्वाचन-2026 के अंतर्गत 05-दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए आज दरभंगा जिले में मतदान शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
जिले में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 52.48 प्रतिशत तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 82.61 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई थीं।
मतदान के दौरान प्रशासन की ओर से प्रत्येक महत्वपूर्ण बिंदु पर सतत निगरानी रखी गई। मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया, ताकि मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रड्डी जला रड्डी द्वारा जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान मतदान प्रक्रिया की स्थिति, केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं तथा विधि-व्यवस्था संधारण का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने मतदान कार्य में लगे पदाधिकारियों एवं कर्मियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त कर निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारु संचालन को सुनिश्चित किया।
मतदान के दौरान जिला स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम के माध्यम से विभिन्न मतदान केंद्रों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई।

जिला प्रशासन द्वारा मतदान प्रक्रिया से संबंधित सूचनाओं का अनुश्रवण किया जाता रहा,ताकि किसी भी परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

जिला प्रशासन की सतर्कता, अधिकारियों के नियमित निरीक्षण तथा मतदान कर्मियों के समन्वित प्रयासों के फलस्वरूप दरभंगा जिले में बिहार विधान परिषद निर्वाचन-2026 का मतदान शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
जिला प्रशासन द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया के सफल संचालन में सहयोग देने वाले सभी मतदान कर्मियों,सुरक्षा बलों एवं संबंधित पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Santosh Dutta Jha: