विजयादशमी उत्सव पर शस्त्र पूजन सह पथ संचलन सम्पन्न, प्रांत प्रचारक रविशंकर जी ने दिया राष्ट्र निर्माण का संदेश


राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, दरभंगा के तत्वावधान में विजयादशमी उत्सव के अवसर पर मंगलवार को के. एम. टैंक, लहेरियासराय स्थित आनंदमार्ग विद्यालय में शस्त्र पूजन सह पथ संचलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर बिहार के प्रांत प्रचारक श्रीमान रविशंकर जी का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

अपने बौद्धिक उद्बोधन में प्रांत प्रचारक श्री रविशंकर जी ने युवाओं को नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की अमूल्य संपत्ति है। युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित एवं संस्कारवान बनाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से बचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।

उन्होंने राष्ट्र जीवन में पांच परिवर्तन को अपनाने पर बल देते हुए कहा कि सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी भाव तथा नागरिक कर्तव्यों के पालन जैसे विषयों को अपने आचरण में उतारकर ही समाज को सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी से इन परिवर्तनों को आत्मसात कर भारत को परम वैभव तक पहुंचाने के लिए संकल्पित होने का आह्वान किया।

श्री रविशंकर जी ने कहा कि सम्पूर्ण विश्व के कल्याण का मार्ग भारत की मजबूती से होकर गुजरता है। एक सशक्त, संस्कारवान और आत्मनिर्भर भारत ही विश्व कल्याण में प्रभावी भूमिका निभा सकता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए समाज एवं राष्ट्र के उत्थान में योगदान देना चाहिए।

विजयादशमी उत्सव ने राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, सामाजिक समरसता एवं संगठन के भाव को सुदृढ़ करने का संदेश दिया।
संजीव कुमार
जिला प्रचार प्रमुख
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, दरभंगा

Santosh Dutta Jha: