नेहरू स्टेडियम में 11 से 14 अक्टूबर तक आयोजित हो रही राज्य स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता
अंडर-14 में सारण, कोसी, मगध एवं एकलव्य दरभंगा की जीत; अंडर-17 में भागलपुर, मगध एवं एकलव्य दरभंगा ने दर्ज की सफलता। खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने तथा बिहार में खेल संस्कृति को मजबूत करने के उद्देश्य से खेल विभाग, बिहार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन, दरभंगा के संयुक्त तत्वावधान में राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडलीय हैंडबॉल खेल प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ रविवार को नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय में हुआ। प्रतियोगिता 11 से 14 अक्टूबर तक आयोजित की जा रही है।
प्रतियोगिता का उद्घाटन ओएसडी श्री राजेश कुमार गुप्ता, जिला खेल पदाधिकारी श्री चंदन कुमार, जिला खेल संघ के सचिव श्री जितेंद्र कुमार, सेवानिवृत्त शिक्षक श्री रवींद्र कुमार सिंह एवं मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स के विजेता श्री मयंक झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए ओएसडी श्री राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि दरभंगा में राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन जिले के लिए गौरव की बात है। खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण, आत्मविश्वास एवं टीम भावना का भी परिचायक है। उन्होंने विभिन्न प्रमंडलों से आए खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की तथा आयोजन से जुड़े सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
जिला खेल पदाधिकारी श्री चंदन कुमार ने कहा कि इस प्रतियोगिता से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में बिहार के नौ प्रमंडलों के साथ एकलव्य दरभंगा की टीम भाग ले रही है। खिलाड़ियों के आवासन, भोजन, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि वे बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
जिला खेल संघ के सचिव श्री जितेंद्र कुमार ने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए जिला प्रशासन एवं खेल विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
समारोह के दौरान मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स के विजेता श्री मयंक झा को उनके पिता श्री अमरकांत झा एवं माता श्रीमती वंदना झा की उपस्थिति में ओएसडी श्री राजेश कुमार गुप्ता एवं जिला खेल पदाधिकारी श्री चंदन कुमार ने मोमेंटो देकर सम्मानित किया। वहीं, वरीय कराटे खिलाड़ी एवं ट्रेडिशनल लाठी संघ, दरभंगा के अध्यक्ष श्री राजीव प्रकाश मधुकर तथा राष्ट्रीय योग खिलाड़ी अंडर-12 वर्ग के श्री सागर पासवान को जिला खेल पदाधिकारी श्री चंदन कुमार एवं बिहार योग संघ के उपाध्यक्ष श्री रवींद्र कुमार सिंह ने मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
पहले दिन के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
प्रतियोगिता के अंडर-14 बालक वर्ग में सारण प्रमंडल ने तिरहुत प्रमंडल को 11-1 से हराया। कोसी प्रमंडल ने भागलपुर प्रमंडल को 12-4 से पराजित किया। मगध प्रमंडल ने दरभंगा प्रमंडल को 15-3 से हराया, जबकि एकलव्य दरभंगा की टीम ने पूर्णिया प्रमंडल को 12-3 से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया।
अंडर-17 बालक वर्ग में भागलपुर प्रमंडल ने कोसी प्रमंडल को 16-7 से हराया। मगध प्रमंडल ने दरभंगा प्रमंडल को 10-5 से पराजित किया, जबकि एकलव्य दरभंगा की टीम ने पूर्णिया प्रमंडल को 17-4 से शिकस्त दी। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल, आक्रामक खेल एवं बेहतरीन रक्षात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया।
दो ग्रुपों में बांटी गईं टीमें
प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों को दो ग्रुपों में विभाजित किया गया है। पहले ग्रुप में मगध, दरभंगा, सारण, तिरहुत एवं मुंगेर प्रमंडल की टीमें हैं, जबकि दूसरे ग्रुप में पटना, भागलपुर, कोसी, पूर्णिया एवं एकलव्य दरभंगा की टीमों को शामिल किया गया है।
प्रतियोगिता नॉकआउट प्रारूप में खेली जा रही है। निर्धारित प्रारूप के अनुसार दोनों ग्रुपों से एक-एक टीम फाइनल के लिए क्वालीफाई करेगी।
चिकित्सा एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित
खिलाड़ियों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा टीम एवं एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। चिकित्सा टीम में श्री बृजेश कुमार, श्रीमती प्रियंका कुमारी एवं अन्य नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, हेडक्वार्टर, बिरौल के शिक्षक श्री केशव कुमार चौधरी ने किया। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की ओर से चयनकर्ता के रूप में श्री अमित कुमार जायसवाल एवं श्री शाहिद नवैद हसन उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में श्री संतोष कुमार शर्मा, श्री श्याम सुंदर, श्री अमन कुमार, श्री आनंद राय, श्री अखिलेश कुमार सिंह, श्रीमती सुमन कुमारी, श्रीमती खुशबू कुमारी, श्रीमती तनु गुरंग तथा शिक्षक श्री कुमार अनुराग, श्री राजेश कुमार, श्री देवनंदन झा, श्री आशीष कुमार, श्री अमित जायसवाल, श्री संजीव कुमार, श्रीमती कात्यायनी दुबे, श्री राकेश कुमार, श्रीमती सोनी कुमारी एवं श्री राजन पासवान सहित अन्य शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिला खेल पदाधिकारी ने सभी खिलाड़ियों को आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगिता में खेल भावना, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखने की अपील की।