सभी प्रखंडों में आसूचना तंत्र को सुदृढ़ रखते हुए सतर्कता एवं समुचित विधि-व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश
जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रड्डी जला रड्डी की अध्यक्षता में जिले में विधि-व्यवस्था के बेहतर संधारण को लेकर सभी अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले में विधि-व्यवस्था की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों, संभावित परिस्थितियों तथा विभिन्न स्तरों पर किए जाने वाले निरोधात्मक एवं सुरक्षात्मक उपायों के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विधि-व्यवस्था का प्रभावी संधारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के थानाध्यक्ष के साथ समन्वय स्थापित कर विधि-व्यवस्था से संबंधित आवश्यक आसूचना का नियमित रूप से संकलन करेंगे तथा प्राप्त सूचनाओं के आधार पर यथोचित प्रबंध सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने कहा कि किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन एवं पुलिस का आपसी समन्वय मजबूत एवं प्रभावी रहना चाहिए।
जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचलाधिकारियों को विशेष रूप से निर्देश दिया कि प्रखंड मुख्यालय एवं अपने-अपने क्षेत्र में विधि-व्यवस्था का बेहतर संधारण सुनिश्चित करें।
संवेदनशील स्थलों पर सतत निगरानी रखते हुए आवश्यकता के अनुरूप दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में नियमित गश्ती, आसूचना संकलन एवं संवेदनशील गतिविधियों पर सतत निगरानी बनाए रखें।
उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति की संभावना को देखते हुए पुलिस बल एवं दंडाधिकारी आवश्यक सुरक्षा उपकरणों, हेलमेट आदि के साथ पर्याप्त सतर्कता बरतते हुए स्थिति का सामना करेंगे।
सभी पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें ।
बैठक में नगर आयुक्त श्रीमती गरिमा लोहिया, सहायक समाहर्ता श्रीमती कल्पना रावत, अनुमंडल पदाधिकारी, डीएसपी, डीसीएलआर, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।