मध्यस्थता से बिखरे परिवार में लौटी खुशियाँ


DLSA दरभंगा की पहल से पति-पत्नी के बीच हुआ सफल समझौता
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), दरभंगा में एक महत्वपूर्ण मध्यस्थता के माध्यम से एक दांपत्य विवाद का सफलतापूर्वक समाधान किया गया।

आवेदिका रिंकी कुमारी, पति सुनील पासवान, निवासी ग्राम प्रेमजीवर, थाना फेकला, जिला दरभंगा, का विवाह सुनील पासवान के साथ 12.05.2017 को हुआ था। विवाह के बाद विभिन्न पारिवारिक एवं आपसी मतभेदों के कारण दोनों के बीच तनाव उत्पन्न हो गया था और परिस्थितियाँ ऐसी बनीं कि दोनों अलग-अलग रहने लगे। इससे दोनों परिवारों में भी तनाव एवं असहजता का वातावरण बन गया था।
इन परिस्थितियों से परेशान होकर रिंकी कुमारी ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दरभंगा से संपर्क कर अपने वैवाहिक जीवन को पुनः सामान्य बनाने हेतु मध्यस्थता की सहायता मांगी।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दरभंगा के अध्यक्ष श्री अजय कुमार शर्मा के निर्देशन एवं सचिव सुश्री आरती कुमारी के मार्गदर्शन में मध्यस्थ श्री अनिल कुमार द्वारा दोनों पक्षों एवं उनके परिवारों के बीच प्रभावी मध्यस्थता कराई गई। मध्यस्थता के दौरान दोनों पक्षों की समस्याओं एवं आपसी गलतफहमियों को समझते हुए संवाद के माध्यम से विवाद के मूल कारणों को दूर करने का प्रयास किया गया।
मध्यस्थता के सफल प्रयासों से दोनों पक्षों के बीच की गलतफहमियाँ दूर हुईं, आपसी कटुता समाप्त हुई और दोनों परिवारों के बीच पुनः सौहार्द एवं मित्रता का वातावरण स्थापित हुआ।
आज दिनांक 28.09.2026 को दोनों पति-पत्नी आपसी सहमति एवं खुशी के साथ पुनः एक साथ हो गए। दोनों पक्षों ने अपने विवाद को समाप्त कर सौहार्दपूर्ण वैवाहिक जीवन आगे बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।

यह सफलता इस बात का उदाहरण है कि मध्यस्थता केवल विवाद का समाधान ही नहीं करती, बल्कि रिश्तों को जोड़ने और परिवारों में पुनः विश्वास एवं सौहार्द स्थापित करने का प्रभावी माध्यम भी है।

यह उपलब्धि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दरभंगा के लिए एक महत्वपूर्ण सफलता है और समाज में “विवाद नहीं, संवाद” के माध्यम से न्याय एवं समाधान की भावना को मजबूत करती है।

Santosh Dutta Jha: