अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं ले सकेंगे भाग
दरभंगा, 24 सितंबर 2026 :-
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन, दरभंगा के संयुक्त तत्वावधान में वार्षिक विद्यालय खेल प्रतियोगिता में सहभागिता हेतु आवेदन की तिथि घोषित कर दी गई है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला खेल पदाधिकारी, दरभंगा श्री चंदन कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं भाग ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के अंतर्गत एथलेटिक्स, फुटबॉल, रग्बी, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, शतरंज, कराटे, वुशू, वेटलिफ्टिंग, बॉक्सिंग, कुश्ती सहित विभिन्न खेलों में प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित प्रारूप में अपना आवेदन संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य से अग्रसारित कराकर 27 सितंबर 2026 तक जिला खेल कार्यालय, नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय, दरभंगा में जमा कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि आवेदन के साथ प्रतिभागी की अंतिम कक्षा उत्तीर्णता का प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड अथवा जन्म प्रमाण-पत्र की छायाप्रति तथा फोटो संलग्न करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ियों को प्रमंडल स्तरीय खेल प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। इच्छुक प्रतिभागी आवश्यक जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया के लिए अपने विद्यालय प्रशासन अथवा जिला खेल कार्यालय, दरभंगा से संपर्क कर सकते हैं।