केवटी थाना अंतर्गत दरिमा पैगंबरपुर,नवटोलिया सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में अग्निशमन विभाग द्वारा चलाया गया जागरूकता अभियान
अग्नि सुरक्षा एवं आपदा की स्थिति में त्वरित बचाव को लेकर अनुमंडल अग्निशामालय, दरभंगा द्वारा जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया गया।
इसी क्रम में 21 सितंबर को केवटी थाना अंतर्गत दरिमा पैगंबरपुर, नवटोलिया सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में अग्निशमन कर्मियों द्वारा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया तथा आमजन के बीच अग्नि सुरक्षा से संबंधित पंपलेट का वितरण किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान अग्निशमन कर्मियों द्वारा ग्रामीणों को आग लगने की स्थिति में तत्काल किए जाने वाले आवश्यक उपायों की जानकारी दी गई।
आग लगने के संभावित कारणों, आग पर प्रारंभिक स्तर पर काबू पाने के उपाय तथा अग्निशमन उपकरणों के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग के संबंध में लोगों को व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई।
इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों को बताया गया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल आसपास के लोगों को सूचित करते हुए अग्निशमन सेवा को इसकी सूचना दी जाए। साथ ही, विद्युत शॉर्ट सर्किट, गैस सिलेंडर, चूल्हे एवं अन्य ज्वलनशील पदार्थों से होने वाली आग से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की गई।
अग्निशमन कर्मियों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में आग से बचाव एवं सुरक्षा के संबंध में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से पंपलेट का वितरण भी किया गया। पंपलेट के माध्यम से आग से बचाव के उपाय, आग लगने पर बरती जाने वाली सावधानियां तथा आपात स्थिति में अग्निशमन सेवा से संपर्क करने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई गई।
मॉक ड्रिल के माध्यम से ग्रामीणों को यह भी बताया गया कि किसी भी अग्निकांड की स्थिति में समय पर सूचना देना और प्रारंभिक स्तर पर सुरक्षित तरीके से आग पर नियंत्रण का प्रयास करना अत्यंत महत्वपूर्ण है।
अग्निशमन विभाग द्वारा चलाए गए इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा के प्रति लोगों को सजग करना तथा संभावित अग्निकांड की स्थिति में त्वरित एवं सुरक्षित प्रतिक्रिया के लिए आमजन को तैयार करना है।
इस अवसर पर अग्निशमन विभाग के कर्मियों के साथ स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।