श्रम कल्याण दिवस के अवसर पर उप श्रमायुक्त कार्यालय सभागार,दरभंगा में एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया
आज एक दिवसीय ग्रामीण एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों हेतु एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर-सह-कार्यशाला के अवसर पर उप श्रमायुक्त कार्यालय सभागार, दरभंगा में श्रम कल्याण दिवस का उद्घाटन संयुक्त रूप से श्री राकेश रंजन, उप श्रमायुक्त दरभंगा, सुश्री प्रिया राज, श्रम अधीक्षक दरभंगा दिनेश कुमार,जिला अग्नि शमन पदाधिकारी, दरभंगा, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, दरभंगा सदर, हायाघाट, बेनीपुर, सिंहवाड़ा, घनश्यामपुर, किरतपुर, मनीगाछी, तारडीह एवं कार्यालय कर्मी तथा कामगार यूनियन प्रतिनिधि के द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया किया गया।
शिविर में उपस्थित अतिथियों का स्वागत राकेश रंजन उप श्रमायुक्त, दरभंगा के द्वारा किया गया तथा अपने स्वागत भाषण में दरभंगा जिले के सभी प्रखंडों के विभिन्न पंचायतों से आए हुए महिला एवं पुरुष श्रमिकों का स्वागत करते हुए यह अनुरोध किया गया कि आप लोगों को इस एक दिवसीय जागरूकता प्रशिक्षण शिविर कार्यक्रम में जो विभिन्न श्रम अधिनियम तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गयी।
उन्होंने कहा कि अपने पंचायत क्षेत्र में प्रचार प्रसार करें तथा अपने पंचायत से कम से कम एक सौ लोगों को अपने स्तर से योजनाओं से संबंधित जानकारी प्रदान करें ताकि इस एक दिवसीय जागरूकता प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य पूरा हो सके।
उप श्रमायुक्त, दरभंगा ने बताया कि आज के इस एक दिवसीय जागरूकता प्रशिक्षण का उद्देश्य श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग द्वारा चलाई जा रही सभी कल्याणकारी योजनाओं का दरभंगा जिले के सभी पंचायतों तक पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि 14 वर्ष की उम्र के बच्चे बाहर नहीं जाए तथा इनका नामांकन शत प्रतिशत विद्यालय में होना चाहिए क्योंकि बच्चे का उम्र खेलने कूदने एवं स्कूल जाने के लिए होता है ना की किसी ढाबा दुकान प्रतिष्ठान में कार्य करने के लिए।
बताया गया कि दरभंगा जिला को बाल श्रम मुक्त बनाने हेतु अभियान चलाया जा रहा है, जिसमे जिला के 18 प्रखंडो के 03-03 पंचायतो को बाल श्रम मुक्त हेतु चयन किया गया है तथा मुक्त कराने हेतु प्रक्रिया चल रही है।
तत्पश्चात् यह भी बताया गया कि बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड अंतर्गत ज्यादा से ज्यादा निर्माण श्रमिको को निबंधन करवाने हेतु शिविर मे आये हुए श्रमिकों को परामर्श दिया गया और सभी श्रमिकों को यह भी कहा गया कि अपने प्रखंड/पंचायत मे जितने भी अंसगठित क्षेत्र के कामगारो की मृत्यु हो जाती है उनके परिवार को बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्रं कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना एवं बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना अंतर्गत प्रखंड/जिला कार्यालय में आवेदन समर्पित करने हेतु प्रोत्साहित किया गया।
उप श्रमायुक्त, दरभंगा के द्वारा दिनांक 01.04.2026 से निर्धारित न्यूनतम मजदूरी की दर जो 77 अनुसूचित नियोजन तथा अन्य नियोजनो में निर्धारित न्यूनतम मजदूरी के संबंध में जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि सामान्य अनुसूचित नियोजन में अकुशल कामगार के लिए 436 रू0 प्रतिदिन प्रति 8 घंटे के लिए निर्धारित की गई है।
जबकि अर्द्धकुशल कामगार के लिए यह दर 452 रू0 है तथा कुशल कामगार के लिए 551 रू0 है, अतिकुशल कामगार के लिए 672 रु0 प्रतिदिन है जबकि पर्यावेक्षकीय और लिपिकिय कार्य के लिए यह दर 14326 रुपया प्रतिमाह है।
यदि इससे कम दर से किसी नियोजक के द्वारा कामगार को भुगतान किया जाता है तो इसकी लिखित शिकायत जिला में श्रम अधीक्षक के पास तथा प्रखंड में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी के पास कर सकते हैं।
सुश्री प्रिया राज, जिला अग्नि शमन पदाधिकारी, दरभंगा, द्वारा कामगारो को संबोधित अपने भाषण में बताया कि अपने प्रखंडो को बाल श्रम से मुक्त करने में महिलाओं का सबसे बड़ा योगदान है।
महिलाये ही अपने बच्चो को किसी नियोजन में काम करने से रोक सकती है और अपने अपने बच्चो को विद्यालय जाने हेतु प्रोत्साहित कर सकती है,इस प्रकार बाल श्रम पर रोक लगायी जा सकती है। इसलिये आज जो प्रशिक्षण श्रम संसााधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग द्वारा दिया जा रहा है,उसे गंभीरतापूर्वक जाने और इसे अपने तक ही सीमित न रखते हुए अपने घर परिवार एवं अन्य संबंधियों को भी बताये।
विदित हो कि केवल श्रमिक ही योजनाओ से लाभान्वित नहीं होते हैं, बल्कि उनके वैध आश्रित भी योजनाओं से लाभान्वित होते है।
तत्पश्चात उप श्रमायुक्त, दरभंगा एवं जिला अग्नि शमन पदाधिकारी, दरभंगा के द्वारा योजनाओं के अंतर्गत लाभुकों के बीच सांकेतिक चेक का वितरण किया गया जो इस प्रकार हैरू-
मीरा देवी को बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना के अंतर्गत दुर्घटना से मृत्यु के परिजन को सांकेतिक चेक, राम देवी को बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना अंतर्गत सांकेतिक चेक,बिहार भवन एवं अन्य सा निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत राज कुमार साह, पानो देवी, शीला देवी, राज कुमार दास, श्रवण राय एवं सुशील दास को विवाह सहायता, आनंद कुमार को पितृत्व योजना, पंकज कुमार एवं नरेश मांझी को साईकल क्रय अनुदान लाभ, मंजु देवी को मृत्युहित अनुदान लाभ, गोविन्द साहु एवं शंभु प्रसाद राय को नगद पुरस्कार अनुदान योजना, कृष्ण कुमार महतो एवं मोहम्मद सितारे को बाल श्रम के अंतर्गत मुख्यमंत्री राहत कोष के तहत सांकेतिक चेक का वितरण किया गया।
तदोपरांत विभिन्न नियोजको द्वारा अपने सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाले कर्मी/पदाधिकारी यथाः- गावर कन्स्ट्रक्शन कंपनी के द्वारा सतीश कुमार, प्लांट सुपरवाईजर, रितेश कुमार मकेनिकल इंचार्ज एवं प्रमोद कुमार स्टोर कीपर, कंपनी मॉ अम्बे फुड प्रोडक्ट से विशाल कुमार सुपरवाईजर एवं अभिषेक कुमार इलेक्ट्रीशियन को तथा मिथिला फ्लावर मिल से प्रवीण कुमार इलेक्ट्रीशियन, राकेश कुमार सिंह सुपरवाईजर एवं गणेश कुमार पंडित कामगार को कंपनी प्रतिनिधि द्वारा पुरस्कृत किया गया।
शिविर में पंचायत से आए हुए श्रमिकों को श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों के द्वारा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई ।
नवचन्द्र प्रकाश श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी बेनीपुर के द्वारा बिहार शताब्दी और संगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना एवं बाल एवं किशोर श्रम (विनियमन एवं उन्मूलन) अधिनियम 1986 एवं बंधुआ श्रमिक से संबंधित,मोकिम अंसारी श्रम प्रवर्त्तन पदाधिकारी हनुमाननगर के द्वारा प्रवासी कामगार एवं ई-श्रम,मनीष कुमार श्रम प्रवर्त्तन पदाधिकारी सिंहवाड़ा के द्वारा बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत निबंधन, नवीकरण एवं योजनाओं से संबंधित जानकारी, बमबम कुमार, श्रम प्रवर्त्तन पदाधिकारी घनश्यामपुर के द्वारा द्वारा बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना 2008 से संबंधित योजनाओं से संबंधित योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
आगंतुक सभी श्रमिकों का संबंधित श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों के द्वारा सर्वप्रथम निबंधन किया गया तथा उन्हें श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के पंपलेट फोल्डर के साथ दिया गया।
कार्यक्रम के समापन के पश्चात आगंतुक श्रमिक बंधुओं में एक विशेष तरह का उत्साह देखा गया। वे लोग श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त कर काफी खुश थे।
श्रमिकों ने बताया कि यहां आकर हमें अपने श्रमिक अधिकारों की जानकारी प्राप्त हुई।