निर्माणाधीन आरओबी परियोजना का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण


सर्विस रोड, नाला, डायवर्सन एवं आरई वाल निर्माण कार्य में तेजी लाने का दिया निर्देश
जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार द्वारा आज निर्माणाधीन आरओबी परियोजना के विभिन्न कार्यों का स्थल निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अभियंताओं एवं पदाधिकारियों को कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप समयबद्ध तरीके से निर्माण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने दिल्ली मोड़ की ओर निर्माणाधीन सर्विस रोड, नाला निर्माण कार्य तथा रेलवे कार्य के लिए किए जा रहे रोड डायवर्सन का अवलोकन किया।

उन्होंने निर्देश दिया कि एल.सी. डायवर्सन हेतु सर्विस रोड के निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण किया जाए। साथ ही बाघ मोड़ की ओर ड्रेन निर्माण कार्य को यथाशीघ्र समाप्त कर सर्विस रोड का निर्माण पूरा करना सुनिश्चित किया जाए, ताकि इसके पश्चात आरई वाल (RE Wall) निर्माण कार्य को तत्काल प्रारंभ किया जा सके।
जिलाधिकारी ने दिल्ली मोड़ की ओर तोड़े जा रहे ब्रिज के कार्य को भी शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ब्रिज को जल्द से जल्द हटाकर कलवर्ट निर्माण कार्य पूरा कराया जाए तथा इसके बाद आरई वाल निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाए, ताकि परियोजना के निर्माण कार्य में विलंब न हो।
उन्होंने परियोजना के अंतर्गत प्रस्तावित आरई वाल निर्माण कार्य को तत्काल प्रारंभ कराने का निर्देश दिया। साथ ही कागवा गुमटी से संबंधित सभी एआरएमएस कार्यों को समर्पित वर्क प्रोग्राम के अनुसार निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने को कहा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने डायवर्सन को मोटरेबल बनाए रखने का निर्देश दिया, ताकि आवागमन सुचारु रूप से जारी रह सके। उन्होंने एफसीआई की ओर के पाइल कार्य को सर्विस रोड का निर्माण कराते हुए तत्काल प्रारंभ कराने को भी कहा।

उन्होंने रेलवे भाग से संबंधित डिजाइन एवं ड्रॉइंग के अंतिम अनुमोदन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने तथा अंतिम स्वीकृति प्राप्त होते ही रेलवे भाग में भी निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अभियंताओं को निर्देशित किया कि परियोजना के सभी निर्माण कार्यों की नियमित रूप से निगरानी करते हुए कार्य की गति में अपेक्षित तेजी लाई जाए।

इस अवसर पर डीसीएलआर, सदर, अंचल अधिकारी, सदर तथा संबंधित अभियंता एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Santosh Dutta Jha: