राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल आयोजन को लेकर दीप प्रज्वलित कर किया गया उद्घाटन


बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा के तत्वावधान में व्यवहार न्यायालय, दरभंगा परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का विधिवत उद्घाटन किया गया।

उद्घाटन समारोह में प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार,दरभंगा श्री संतोष कुमार पांडेय, जिलाधिकारी दरभंगा,उपाध्यक्ष जिला विधिक सेवाप्राधिकार श्री कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रड्डी जला रड्डी तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव श्रीमती आरती कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किये।
इस अवसर पर अपने संबोधन में प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य आपसी सहमति एवं सुलह के आधार पर विवादों का त्वरित, सुलभ एवं शुलभ समाधान सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से विशेष रूप से शमनीय (कम्पाउंडेबल) मामलों का निस्तारण कर न्यायालयों में लंबित वादों कम किया जाता है तथा आम नागरिकों को शीघ्र न्याय उपलब्ध कराया जाता है।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर जिले वासियों से अपील किया।जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने भी लोक अदालत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में इसका लाभ उठाने की अपील किए।
राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल संचालन के लिए बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा द्वारा कुल 30 बेंचों का गठन किया गया। इनमें व्यवहार न्यायालय, दरभंगा में 22, व्यवहार न्यायालय, बेनीपुर में 04 तथा व्यवहार न्यायालय, बिरौल में 04 बेंच शामिल हैं।
राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के मुकदमों की सुनवाई की गई। जिनमें मुकदमा पूर्व एवं न्यायालयों में लंबित वाद जैसे—शमनीय (कम्पाउंडेबल) आपराधिक वाद, एन.आई. एक्ट की धारा 138 से संबंधित मामले, बैंक ऋण वसूली वाद, मोटर दुर्घटना दावा वाद, श्रम विवाद, विद्युत एवं पानी बिल संबंधी विवाद, वैवाहिक विवाद, भूमि अधिग्रहण वाद, सेवा संबंधी मामले (वेतन, भत्ता एवं सेवानिवृत्ति लाभ), जिला न्यायालय में लंबित राजस्व संबंधी मामले तथा अन्य दीवानी वाद जैसे किराया, सुखाधिकार, निषेधाज्ञा, संविदा के विनिर्दिष्ट पालन से संबंधित मामले शामिल हैं। इसके अतिरिक्त बीएसएनएल सहित विभिन्न संस्थानों से संबंधित मामलों का भी आपसी सुलह के आधार पर तत्काल निष्पादन होंगे।

बताया गया कि आम नागरिकों की सुविधा के लिए व्यवहार न्यायालय परिसर,पोलो मैदान एवं लहेरियासराय के पास लम्बित ट्रैफिक चालानों के निपटारे हेतु प्रेक्षागृह,दरभंगा के पास विशेष शिविर का आयोजन किया गया,इसकी सफलता के लिए कई काउंटर बनाए गए हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ फीता काटकर किया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी दरभंगा ने बताया कि अभी तक लगभग 1500 ट्रैफिक चालान का निवारण कर दिया गया,अभी काउंटर पर कार्य हो रहे हैं।
उद्घाटन के पश्चात प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने सभी काउंटरों का निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
पूरे आयोजन के दौरान न्यायिक अधिकारियों की देखरेख में तीनों स्थानों पर लोक अदालत का संचालन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
जिला प्रशासन एवं विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे लोक अदालत के माध्यम से अपने विवादों का आपसी सहमति से समाधान कर न्यायिक प्रक्रिया को सरल, त्वरित एवं प्रभावी बनाने में सहयोग करें।

इस अवसर पर न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे। वहीं जिला स्तरीय वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Santosh Dutta Jha: