इनर व्हील क्लब ऑफ दरभंगा ने ‘अन्नपूर्णा प्रोजेक्ट’ के तहत स्कूली बच्चों के बीच वितरित किया भोजन


सामाजिक सरोकारों और सेवा कार्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए इनर व्हील क्लब ऑफ दरभंगा द्वारा अपने ऑनगोइंग प्रोजेक्ट ‘अन्नपूर्णा’ के अंतर्गत राजकीय मध्य विद्यालय, लक्ष्मी सागर, साधुगाछी (वार्ड नंबर 6), दरभंगा में भोजन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 1 से 8 तक के लगभग 150 बच्चों के बीच कचौड़ी, जलेबी एवं सब्जी का वितरण किया गया। ‘हैप्पी आवर’ के इस आयोजन में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और क्लब की सदस्यों ने स्वयं बच्चों को भोजन परोसकर सेवा कार्य में सहभागिता की।

क्लब की अध्यक्षा डॉ. नीतू मेहता ने कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए कहा कि “इनर व्हील क्लब ऑफ दरभंगा समाज के जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों के जीवन में सहयोग, संवेदना और खुशी का भाव लाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। बच्चों के साथ भोजन साझा करना केवल सेवा नहीं, बल्कि उनके प्रति स्नेह और अपनत्व व्यक्त करने का एक माध्यम है।”

उन्होंने कहा कि विद्यालय में अध्ययनरत कई बच्चे ऐसे परिवारों से आते हैं, जिनके लिए दैनिक जीवन की बुनियादी आवश्यकताओं को पूरा करना भी चुनौतीपूर्ण है। ऐसे बच्चों के साथ समय बिताना और उनके बीच भोजन वितरित करना क्लब के लिए संतोष एवं खुशी का विषय है।
इस सेवा कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि इनर व्हील क्लब की सामाजिक गतिविधियों से प्रेरित होकर एक सम्मानित अतिथि ने अपने बच्चे के जन्मदिन के उपलक्ष्य में इस पूरे भोजन वितरण कार्यक्रम को प्रायोजित किया। इस पहल ने सेवा और सामाजिक सहभागिता के सुंदर उदाहरण को प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में क्लब की सचिव अंशु आर्या सहित इनर व्हील क्लब ऑफ दरभंगा की अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं। सभी सदस्यों ने बच्चों के बीच भोजन वितरित कर कार्यक्रम को सफल बनाया।

क्लब ने इस अवसर पर यह संदेश दिया कि छोटे-छोटे सेवा प्रयास भी समाज में सकारात्मक बदलाव और मुस्कान लाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

Santosh Dutta Jha: