संस्थागत एवं सिजेरियन प्रसव सहित चार प्रमुख विभागों के संचालन की तैयारियों की समीक्षा
02 अक्टूबर तक सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने का निर्देश
जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में आज सदर अस्पताल, गंगवाड़ा में मरीजों को बेहतर एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार एवं विभिन्न विभागों के संचालन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में होमी भाभा कैंसर अस्पताल के निदेशक डॉ.प्रभास, स्वास्थ्य विभाग के वरीय पदाधिकारियों एवं संबंधित चिकित्सकों के साथ अस्पताल में उपलब्ध कराई जाने वाली चिकित्सा सुविधाओं एवं आवश्यक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान सदर अस्पताल, गंगवाड़ा में संस्थागत प्रसव, सिजेरियन प्रसव, शिशु चिकित्सा, हड्डी रोग तथा सामान्य सर्जरी से संबंधित चिकित्सा सेवाओं के संचालन एवं आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बताया गया कि वर्तमान में अस्पताल में चार प्रमुख विभागों को चरणबद्ध रूप से संचालित किया जाना है। इन विभागों के संचालन से आसपास के क्षेत्र के नागरिकों को स्थानीय स्तर पर बेहतर एवं सुलभ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि सदर अस्पताल, गंगवाड़ा में चिकित्सा सेवाओं के विस्तार से लगभग 10 किलोमीटर के क्षेत्र में निवास करने वाले नागरिकों को काफी सुविधा मिलेगी।
उन्हें सामान्य उपचार के साथ-साथ आवश्यक विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं भी स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने अस्पताल में आने वाले मरीजों की सुविधा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि 2 अक्टूबर तक अस्पताल में संचालन से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं, ताकि निर्धारित चिकित्सा सेवाओं को सुचारू रूप से प्रारंभ किया जा सके।
उन्होंने अस्पताल परिसर में मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक स्थानों पर स्पष्ट एवं पर्याप्त साइनेज लगाने का निर्देश दिया, ताकि मरीजों को संबंधित विभाग एवं सेवाओं तक पहुंचने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, स्वच्छता एवं बेहतर रख-रखाव सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि अस्पताल में मरीजों को बेहतर एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक संसाधनों,चिकित्सकीय व्यवस्था, उपकरणों तथा पर्याप्त मानव संसाधन की उपलब्धता आदि बिंदुओं पर निर्देशित किया।
बैठक में चिकित्सा सेवाओं के संचालन के लिए आवश्यक चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, उपकरणों, आधारभूत संरचना, मरीजों के लिए आवश्यक सुविधाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को अस्पताल की आवश्यकताओं का आकलन कर प्राथमिकता के आधार पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक के पूर्व जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने सदर अस्पताल, गंगवाड़ा का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न हिस्सों, उपलब्ध आधारभूत संरचना एवं चिकित्सा सेवाओं के लिए तैयार किए जा रहे स्थानों का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में स्वच्छता, मरीजों की सुविधा, आवश्यक साइनेज, चिकित्सा उपकरणों एवं अन्य आधारभूत व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में सहायक समाहर्ता श्रीमती कल्पना रावत, होमी भाभा कैंसर अस्पताल के निदेशक डॉ. प्रभास एवं अस्पताल के प्रशासनिक पदाधिकारी, सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुप्रिया नारायण, डीपीएम स्वास्थ्य श्री प्रभात कुमार राजू, डीसीएम श्री रवि कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।