पोहद्दी-बिशनपुर सड़क किनारे कार से 148.500 लीटर विदेशी शराब बरामद


करीब 02 लाख रुपये मूल्य की शराब जब्त, मद्यनिषेध अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज
जिला पदाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार के निर्देशानुसार जिले में मद्यनिषेध कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने एवं अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने हेतु मद्यनिषेध विभाग द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध श्री प्रदीप कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर मद्यनिषेध टीम, दरभंगा द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पोहद्दी-बिशनपुर सड़क किनारे एक कार से 148.500 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।

उन्होंने बताया कि बरामद विदेशी शराब का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 02 लाख रुपये है। कार्रवाई के दौरान शराब को विधिवत जब्त करते हुए संबंधित मामले में मद्यनिषेध अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।
सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गुप्त सूचनाओं के आधार पर संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि जिले में कहीं भी अवैध शराब के निर्माण, बिक्री अथवा परिवहन से संबंधित सूचना प्राप्त होने पर इसकी जानकारी संबंधित विभाग अथवा प्रशासन को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि मद्यनिषेध कानून के उल्लंघन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Santosh Dutta Jha: