जिलाधिकारी ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
12 सितंबर को लोक अदालत में होगा चालान का निस्तारण
समाहरणालय परिसर स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार के समीप से जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार ने 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में लंबित ट्रैफिक चालान के मामलों के निस्तारण को लेकर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आम नागरिकों को अपने सुलहनीय वादों एवं विवादों का सरल, शीघ्र एवं प्रभावी तरीके से निस्तारण कराने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और आपसी सुलह एवं समझौते के माध्यम से अपने मामलों का निस्तारण कराएँ।
उन्होंने विशेष रूप से लंबित ट्रैफिक चालान के मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिन वाहनों पर 12 जून 2026 तक के ट्रैफिक चालान लंबित हैं, संबंधित वाहन मालिक राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अपने चालान का निस्तारण करा सकते हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि ट्रैफिक चालान से संबंधित मामलों में सुविधा के लिए 07 सितंबर से 11 सितंबर 2026 तक जिला परिवहन कार्यालय में प्री-वेरिफिकेशन काउंटर संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने संबंधित वाहन मालिकों से अपील की कि वे निर्धारित अवधि में जिला परिवहन कार्यालय पहुंचकर अपने लंबित चालान का प्री-वेरिफिकेशन अवश्य करा लें,ताकि 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में उनके चालान का त्वरित निस्तारण किया जा सके।
उन्होंने बताया कि दरभंगा जिले के तीनों अनुमंडलों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। सदर अनुमंडल क्षेत्र के लोग अपने लंबित ट्रैफिक चालान का निस्तारण पोलो मैदान, लहेरियासराय, दरभंगा में करा सकते हैं। वहीं बेनीपुर अनुमंडल क्षेत्र के लोग बेनीपुर व्यवहार न्यायालय तथा बिरौल अनुमंडल क्षेत्र के लोग बिरौल व्यवहार न्यायालय में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में उपस्थित होकर अपने चालान का निस्तारण करा सकते हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि 90 दिनों से अधिक समय से लंबित चालान के मामलों में नियमानुसार 50 प्रतिशत तक की छूट का लाभ भी पात्र वाहन मालिकों को मिल सकता है।
उन्होंने आम नागरिकों से इस अवसर का लाभ उठाने तथा अनावश्यक विलंब से बचने की अपील की।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस अवसर का लाभ उठाएँ तथा अपने लंबित सुलहनीय मामलों का सरल एवं शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर सहायक समाहर्ता श्रीमती कल्पना रावत, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।