डीआरसीसी के माध्यम से संचालित योजनाओं का लाभ छात्र-छात्राओं को ससमय उपलब्ध कराने का निर्देश
आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल, दरभंगा श्री हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में आज प्रमंडलीय सभागार में दरभंगा प्रमंडल के अंतर्गत आने वाले तीनों जिलों—दरभंगा, मधुबनी एवं समस्तीपुर के स्थानीय क्षेत्र संगठन विभाग के अधीक्षण अभियंताओं एवं जिला योजना पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रमंडल अंतर्गत विभिन्न विकासात्मक एवं स्थानीय क्षेत्र से संबंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान आयुक्त महोदय ने संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को योजनाओं के क्रियान्वयन में निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
आयुक्त ने माननीय सांसद एवं माननीय विधायक द्वारा अनुशंसित योजनाओं को समयबद्ध क्रियान्वयन कराने हेतु निर्देशित किया।
योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब किसी भी परिस्थिति में नहीं हो तथा संबंधित पदाधिकारी एवं अभियंता योजनाओं की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने संबंधित अभियंताओं को निर्देश दिया कि योजनाओं का क्रियान्वयन गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप कराया जाए।
साथ ही, योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा एवं स्थल निरीक्षण करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक के दौरान आयुक्त ने जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र (डीआरसीसी) के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना एवं मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ पात्र छात्र-छात्राओं को ससमय उपलब्ध कराने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया।
बैठक में क्षेत्रीय योजना पदाधिकारी श्री आकाश ऐश्वर्य सहित दरभंगा, मधुबनी एवं समस्तीपुर जिले के संबंधित अधीक्षण अभियंता, जिला योजना पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।