एमआरएम कॉलेज, दरभंगा में राष्ट्रीय खेल दिवस के तहत खेल प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने दिखाया शानदार प्रदर्शन


ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के निर्देशानुसार महारानी रामेश्वरी महिला महाविद्यालय, दरभंगा में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 28 अगस्त से 4 सितंबर, 2026 तक आठ दिवसीय खेल महोत्सव का आयोजन हो रहा है।


इस खेल महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। आज के खेल का शुभारंभ करते हुए प्रधानाचार्या प्रो पुष्पम नारायण ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्त्वपूर्ण माध्यम है। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है।

खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ साथ मानसिक विकास में भी अहम भूमिका निभाते हैं। खेल में हारना और जीतना विद्यार्थी जीवन की निराशा और अहंकार को दूर कर सकारात्मक बदलाव की ओर प्रेरित करता है। इससे विद्यार्थी जीवन में सत्य को स्वीकार करने की क्षमता का विकास होता है। विद्यार्थियों का विकास महाविद्यालय और विश्वविद्यालय की प्रगति हेतु अति आवश्यक तत्त्व है।


उन्होंने कहा कि कॉलेज का उद्देश्य है कि छात्राएं शिक्षा के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें और विश्वविद्यालय एवं राज्य का नाम गौरवान्वित करें। उन्होंने खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए महाविद्यालय प्रशासन की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
महाविद्यालय की खेल पदाधिकारी डॉ शमा परवीन ने कहा कि महाविद्यालय की छात्राओं में खेल प्रतिभा की अपार संभावनाएं हैं। इस आयोजन के माध्यम से छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक आयोजित बैडमिंटन, खो-खो, कबड्डी, एथलेटिक्स और वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया है।
आज की प्रतियोगिताओं का आयोजन विश्वविद्यालय स्थित नागेन्द्र झा स्टेडियम में किया गया, जिसमें वॉलीबॉल प्रतियोगिता में टीम A के केप्टन जूही कुमारी के नेतृत्व में टीम ने विजय हासिल की। खो खो प्रतियोगिता में तनवी कुमारी- प्रथम, सना- द्वितीय, पुष्पा कुमारी ने तृतीय स्थान, बैडमिंटन प्रतियोगिता एकल में बुशरा रहमानी- प्रथम, कुमारी स्मिता राज- द्वितीय, एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता डबल में कुमारी स्मिता राज एवं पल्लवी कुमारी ने प्रथम, बुशरा रहमानी एवं ज्योति रानी ने द्वितीय, कबड्डी में कुमारी कौशिकी- प्रथम, मैथिली कुमारी- द्वितीय एवं ज्योति रानी ने तृतीय स्थान, एथलीट में 100 मीटर दौड़ में वसुंधरा- प्रथम, दीपमाला- द्वितीय, राजलक्ष्मी-तृतीय स्थान पर रही, 200 मीटर दौड़ में अमृता कुमारी-प्रथम, नेहा-द्वितीय, समाध्य-तृतीय रही। विश्वविद्यालय स्टेडियम में कॉलेज की शिक्षिकाएं डॉ अनुपम प्रिया, एनएसएस पदाधिकारी, नीलम सेन, सीटीओ, एसीसी, डॉ सूफिया फातमी, डॉ अमृता चौधरी, डॉ अल्पना कुमारी एवं शिक्षेत्तर कर्मी में सोहन आदि उपस्थित रहकर अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं एवं प्रतिभागियों को 5 सितंबर, 2026 को महाविद्यालय परिसर में आयोजित समापन-सह-पुरस्कार समारोह में सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों को खेल के प्रति प्रोत्साहित करते हुए इस प्रकार के आयोजनों को निरंतर बढ़ावा देने के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त किया।

Santosh Dutta Jha: