श्री कृष्ण जन्माष्टमी पूजा को लेकर विधि-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था के लिए संयुक्त आदेश जारी


332 स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति

जिला नियंत्रण कक्ष 04 एवं 05 सितंबर को रहेगा कार्यरत
जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रड्डी जला द्वारा संयुक्त आदेश जारी कर जिले में श्री कृष्ण जन्माष्टमी पूजा के अवसर पर विधि-व्यवस्था, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए व्यापक प्रशासनिक एवं पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
प्राप्त सूचना के अनुसार इस वर्ष श्री कृष्ण जन्माष्टमी पूजा 04 एवं 05 सितंबर 2026 को मनाई जाएगी। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, पूजा स्थलों, जुलूस एवं मूर्ति विसर्जन को ध्यान में रखते हुए जिले में विधि-व्यवस्था संधारण के लिए 332 स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
संयुक्त आदेश में सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल को निर्देश दिया गया है कि वे 04 सितंबर 2026 के पूर्वाह्न में अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर अनिवार्य रूप से योगदान करेंगे तथा पर्व की समाप्ति के उपरांत वरीय पदाधिकारी के निर्देशानुसार ही प्रतिनियुक्ति स्थल छोड़ेंगे।
पर्व के दौरान स्थानीय स्तर पर आपसी समन्वय एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन द्वारा पूजा समितियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से भी आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है।
श्री कृष्ण जन्माष्टमी पूजा के अवसर पर दरभंगा समाहरणालय में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। यह नियंत्रण कक्ष 04 से 05 सितंबर 2026 तक कार्यरत रहेगा। जिला नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में श्री स्वप्निल, उप विकास आयुक्त, दरभंगा रहेंगे।

नियंत्रण कक्ष के माध्यम से जिले में विधि-व्यवस्था की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना अथवा सूचना प्राप्त होने पर संबंधित पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पर्व के दौरान अग्नि सुरक्षा को लेकर भी विशेष व्यवस्था की गई है। अग्निशाम पदाधिकारी, दरभंगा को निर्देश दिया गया है कि 04 एवं 05 सितंबर 2026 को जिला नियंत्रण कक्ष में सभी आवश्यक संसाधनों से सुसज्जित अग्निशमन की एक यूनिट प्रतिनियुक्त रखेंगे।
इसके अतिरिक्त जिले के सभी अग्निशमन वाहनों को पूरी तैयारी के साथ संबंधित अनुमंडल मुख्यालय में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उनका उपयोग किया जा सके।
यातायात प्रभारी को निर्देश दिया गया है कि दरभंगा शहरी क्षेत्र के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर श्री कृष्ण जन्माष्टमी पूजा के मूर्ति विसर्जन की प्रक्रिया समाप्त होने तक पर्याप्त संख्या में यातायात पुलिस की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करें।
यातायात प्रभारी स्वयं भी भ्रमणशील रहकर यातायात व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेते रहेंगे तथा आवश्यकता के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

थानाध्यक्षों द्वारा पूर्वाभ्यास प्रतिवेदन के आधार पर सशस्त्र बल, लाठी बल, पुलिस पदाधिकारी एवं दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। संबंधित थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र में विधि-व्यवस्था, शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
थाना क्षेत्रों के संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्ती कराने तथा विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। पूर्व में कुछ स्थानों पर उत्पन्न साम्प्रदायिक विवादों के मद्देनजर विशेष सतर्कता एवं निगरानी बरतने को कहा गया है।
जिन स्थानों पर मुख्यालय स्तर से पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति नहीं की गई है, वहाँ संबंधित थानाध्यक्ष अपने थाना से चौकीदार एवं दफादार की प्रतिनियुक्ति करेंगे तथा स्वयं भ्रमणशील रहकर गश्ती करेंगे।
संयुक्त आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पर्व के अवसर पर प्रतिनियुक्त बल अथवा पुलिस पदाधिकारी यदि अपने प्रतिनियुक्ति स्थल से अनुपस्थित पाए जाते हैं और इससे विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने की संभावना बनती है, तो संबंधित थानाध्यक्ष इसकी जांच कर कर्तव्य से अनुपस्थित पुलिसकर्मी के विरुद्ध प्रतिवेदन समर्पित करेंगे। वरीय पदाधिकारी द्वारा जांच के उपरांत त्रुटि पाए जाने पर संबंधित थानाध्यक्ष के विरुद्ध भी नियमानुसार अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित), पुलिस केन्द्र, लहेरियासराय, दरभंगा को निर्देश दिया गया है कि निर्धारित स्थानों पर पुलिस पदाधिकारी एवं बल की प्रतिनियुक्ति हेलमेट,बॉडी प्रोटेक्टर एवं अन्य आवश्यक संसाधनों के साथ करें तथा सभी प्रतिनियुक्त बल को 04 सितंबर के पूर्वाह्न में अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर रिपोर्ट कराना सुनिश्चित करें।
साथ ही, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बेनीपुर, दरभंगा को ग्राम ईजरहट्टा में बल की प्रतिनियुक्ति की स्वयं समीक्षा करते हुए संवेदनशील स्थलों पर अपने स्तर से पुलिस बल एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में विधि-व्यवस्था के सम्पूर्ण प्रभार में रहेंगे। वे अपने दिशा-निर्देशन में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना सुनिश्चित करेंगे।

सभी प्रखंडों के वरीय प्रभारी पदाधिकारियों को भी अपने-अपने प्रभार वाले प्रखंडों में पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं थानाध्यक्ष आपस में निरंतर संपर्क एवं समन्वय बनाए रखेंगे। किसी भी प्रकार के तनाव, विवाद अथवा अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त होते ही संबंधित पदाधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने की कार्रवाई करेंगे।
श्री कृष्ण जन्माष्टमी पूजा के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण के लिए तीनों अनुमंडलों में वरीय पदाधिकारियों को विशेष प्रभार सौंपा गया है।
सदर अनुमंडल — श्री सलीम अख्तर, अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन, दरभंगा।
बेनीपुर अनुमंडल — श्री मनोज कुमार, बंदोबस्त पदाधिकारी, दरभंगा।
बिरौल अनुमंडल — श्री रवि प्रकाश, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, दरभंगा।

उक्त वरीय पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की स्थिति पर सतत निगरानी रखते हुए संबंधित अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करेंगे।

जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने जिलेवासियों से श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के वातावरण में मनाने की अपील की है।

पूजा समितियों एवं श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने, यातायात व्यवस्था में सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

Santosh Dutta Jha: