करीब 44 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब, बीयर एवं देशी शराब नष्ट
शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में प्रशासन की सख्त कार्रवाई जारी
जिला पदाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार के निर्देशानुसार जिले में मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग, दरभंगा द्वारा जप्त अवैध शराब का विधिवत विनष्टीकरण किया गया।
सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध श्री प्रदीप कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई 02 सितम्बर 2026 को मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग, दरभंगा परिसर में निर्धारित नियमों एवं मानकों के अनुरूप संपन्न हुई।
उन्होंने बताया कि विनष्टीकरण के दौरान कुल 4088.405 लीटर अवैध शराब को नष्ट किया गया, जिसमें देशी शराब 389.200 लीटर, विदेशी शराब 3,591.105 लीटर, बीयर 170.500 लीटर एवं 600 मि.ली कोडीन कफ सिरफ शामिल है।
श्री कुमार ने बताया कि विनष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया अपर अनुमंडल पदाधिकारी-सह-प्रभारी भूमि सुधार उप समाहर्त्ता, सदर, दरभंगा श्री सोनल कुमार महतो तथा सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध श्री प्रदीप कुमार की उपस्थिति में विधिसम्मत तरीके से संपन्न कराई गई।
उन्होंने कहा कि नष्ट की गई अवैध विदेशी, बीयर एवं देशी शराब का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 44 लाख रुपये है। यह कार्रवाई राज्य में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन तथा अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शराबबंदी कानून के पालन में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अवैध शराब से संबंधित गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य को सफल बनाया जा सके।