डीएम ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया जीविका-सुधा विक्रय केंद्र का उद्घाटन


सात निश्चय-3 के तहत पंचायत स्तर पर सुधा उत्पादों की उपलब्धता एवं जीविका दीदियों के लिए रोजगार के अवसर होंगे सृजित-डीएम
जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार द्वारा आज सदर प्रखंड अंतर्गत सोनकी पंचायत में जीविका-सुधा विक्रय केंद्र का फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर विधिवत उद्घाटन किया गया।

इस अवसर पर उन्होंने जीविका-सुधा विक्रय केंद्र का निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध सुधा उत्पादों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
उद्घाटन समारोह में सुधा डेयरी के प्रबंध निदेशक श्री आर.के. झा, सुधा डेयरी दरभंगा के प्रभारी पदाधिकारी डॉ. सुभाष चंद्र प्रसाद सिंह, विपणन प्रभारी श्री मो. खुर्शीद आलम, डीपीएम जीविका डॉ.ऋचा गार्गी, श्रेया शर्मा सहित जीविका एवं सुधा डेयरी के अन्य पदाधिकारी एवं जीविका दीदियां उपस्थित थीं।
सात निश्चय-3 के तहत पंचायतों में खोले जाएंगे जीविका-सुधा विक्रय केंद्र

बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सात निश्चय-3 के तहत राज्य की सभी पंचायतों में सुधा विक्रय केंद्र खोलने के संकल्प के आलोक में सुधा एवं जीविका के संयुक्त प्रयास से जीविका-सुधा विक्रय केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं।
इस पहल के तहत प्रत्येक पंचायत में विक्रय केंद्र के लिए स्थान एवं जीविका दीदी का चयन जीविका द्वारा किया जाएगा। चयनित जीविका दीदी को सुधा का रिटेलर बनाया जाएगा तथा सुधा डेयरी द्वारा उन्हें विभिन्न सुधा उत्पादों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सुधा के दूध एवं अन्य दुग्ध उत्पाद आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।
सोनकी पंचायत में जिले का पहला जीविका-सुधा विक्रय केंद्र
दरभंगा जिले में इस पहल के तहत अब तक 266 पंचायतों में जीविका दीदियों के चयन की प्रक्रिया की जा रही है। जिले का पहला जीविका-सुधा विक्रय केंद्र सोनकी पंचायत की समिति आरती देवी, पति श्री अनिल पंजीयार को प्रदान किया गया है।

इस विक्रय केंद्र के माध्यम से पंचायत एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सुधा के विभिन्न उत्पाद स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगे। साथ ही, चयनित जीविका दीदी को स्वरोजगार एवं आय का एक नया माध्यम प्राप्त होगा।
जीविका दीदियों को मिलेगा रोजगार,गांव-गांव पहुंचेगा सुधा का उत्पाद : डीएम
उद्घाटन के पश्चात जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने जीविका दीदियों को संबोधित करते हुए कहा कि सुधा एवं जीविका के संयुक्त रूप से कार्य करने से एक ओर जीविका दीदियों को रोजगार एवं स्वरोजगार का अवसर मिलेगा, वहीं दूसरी ओर सुधा के गुणवत्तापूर्ण उत्पाद गांव-गांव तक आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।
उन्होंने कहा कि जीविका-सुधा विक्रय केंद्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने जीविका दीदियों से विक्रय केंद्र का बेहतर संचालन करने तथा अधिक से अधिक ग्रामीण उपभोक्ताओं तक सुधा उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की अपील की।
दूध उत्पादन से लेकर बिक्री तक सहभागिता सुनिश्चित करें : प्रबंध निदेशक
सुधा डेयरी के प्रबंध निदेशक श्री आर.के. झा ने जीविका दीदियों को संबोधित करते हुए अधिक से अधिक संख्या में सुधा से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि जीविका दीदियां दूध उत्पादन से लेकर दूध के संग्रहण, विपणन एवं बिक्री तक की पूरी प्रक्रिया में अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकती हैं। इससे ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा तथा दुग्ध व्यवसाय को भी मजबूती प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि जीविका एवं सुधा के बीच समन्वय से ग्रामीण क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादन एवं दुग्ध उत्पादों के विपणन को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने जीविका दीदियों को विक्रय केंद्र के संचालन,सुधा उत्पादों की आपूर्ति एवं बिक्री से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दी।
इस अवसर पर श्री रौशन झा,श्री प्रतीक सुमन, श्री रितेश झा, श्री शिवचन्द्र यादव सहित जीविका एवं सुधा डेयरी के कर्मी तथा बड़ी संख्या में जीविका दीदियां उपस्थित थीं।

Santosh Dutta Jha: