डीएम की अध्यक्षता में आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्य को लेकर हुई समीक्षा बैठक


डीएम ने चिन्हित स्थलों पर भवन निर्माण कार्य प्रारंभ करने का दिया निर्देश
फार्मर रजिस्ट्रेशन आईडी निर्माण एवं पंचायत परिसीमन कार्य की भी हुई समीक्षा


समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण कार्य को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए चिन्हित भूमि की स्थिति,भूमि की उपलब्धता तथा भवन निर्माण कार्य की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी अंचलाधिकारियों, प्रखंड बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों एवं प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों से बारी-बारी से आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए चिन्हित स्थलों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से चिन्हित स्थलों की उपलब्धता, भूमि की स्थिति, आवश्यक प्रक्रियाओं तथा भवन निर्माण की वर्तमान प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि भवन निर्माण से संबंधित कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
उन्होंने सभी अंचलाधिकारियों, प्रखंड बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों एवं प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए अभी तक भूमि चिन्हित नहीं की गई है, वहां कल तक संबंधित पोषक क्षेत्र में उपयुक्त भूमि का चिन्हांकन सुनिश्चित करें। भूमि चिन्हांकन के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि चयनित स्थल आंगनबाड़ी केंद्र के संचालन के लिए उपयुक्त एवं पोषक क्षेत्र के बच्चों के लिए सुविधाजनक हो।
जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, एलएईओ को निर्देशित किया कि जिन स्थलों पर भवन निर्माण के लिए भूमि चिन्हित की जा चुकी है, वहां कल से भवन निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।बैठक में जिलाधिकारी ने फार्मर रजिस्ट्रेशन आईडी निर्माण की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि परिमार्जन से संबंधित अंचलाधिकारी एवं राजस्व कर्मचारी के लॉगिन में प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक किसानों का फार्मर रजिस्ट्रेशन आईडी कार्ड बनाया जा सके।

उन्होंने कहा कि किसानों से संबंधित आवेदनों का निष्पादन समयबद्ध तरीके से किया जाए तथा लंबित आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करते हुए फार्मर रजिस्ट्रेशन आईडी निर्माण की गति बढ़ाई जाए।
बैठक में जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री पवन कुमार ने बताया कि जिले की सभी पंचायतों का परिसीमन कार्य किया जाना है। इस संबंध में जिलाधिकारी ने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए परिसीमन कार्य को व्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा।
जिला पंचायती राज पदाधिकारी ने बताया कि पंचायत परिसीमन के लिए टीम गठित कर जनगणना परिसीमन ऐप के माध्यम से संबंधित स्थलों का अक्षांश (Latitude) एवं देशांतर (Longitude) दर्ज करते हुए ऐप पर आवश्यक प्रविष्टि की जाएगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को टीम का गठन कर क्षेत्रवार कार्य सुनिश्चित करने तथा ऐप पर सभी आवश्यक सूचनाओं की सही एवं समयबद्ध प्रविष्टि कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि पंचायत परिसीमन से संबंधित कार्य में सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य को पूर्ण करना सुनिश्चित करें।

बैठक में उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पवन कुमार यादव, जिला कृषि पदाधिकारी डॉ सिद्धार्थ,जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, प्रखंड बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Santosh Dutta Jha: