दरभंगा, 27 अगस्त 2026 :-
जिला पदाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब परिवहन भंडारण एवं सेवन के विरुद्ध मद्यनिषेध विभाग, दरभंगा द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है तथा इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध श्री प्रदीप कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर मद्यनिषेध टीम, दरभंगा द्वारा जाले थाना क्षेत्र अंतर्गत मस्सा गाँव में छापामारी की गई।
छापामारी के दौरान झाड़ी में छुपाकर रखे गए 5 बड़े ड्रमों से करीब 920 लीटर स्पिरिट (Spirit) तथा 375 एमएल की 105 खाली बोतलें बरामद की गईं। इसके अतिरिक्त 180 एमएल की पेट बोतलों में कुल 448.920 लीटर अवैध विदेशी शराब भी बरामद की गई।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार कार्रवाई के दौरान कुल 1,368.920 लीटर स्पिरिट एवं अवैध विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 14 लाख रुपये है।
सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध ने बताया कि इस मामले में मुख्य अभियुक्त जितेंद्र पासवान के विरुद्ध फरार अभियोग दर्ज* किया गया है। साथ ही, नकली शराब के इस अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य सहयोगियों की पहचान एवं उनके विरुद्ध कार्रवाई के लिए आवश्यक जांच की जा रही है।