श्री गुरु संत रविदास समरसता अभियान के तहत शहवाजपुर पंचायत में आयोजित विकास शिविर में जिलाधिकारी ने योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान तक पहुंचाने का दिया निर्देश


श्री गुरु संत रविदास समरसता अभियान के अंतर्गत आज सदर प्रखंड अंतर्गत शहवाजपुर पंचायत के पंचायत सरकार भवन में विकास शिविर का आयोजन जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में किया गया।

शिविर का उद्देश्य महादलित टोला एवं अनुसूचित जाति-जनजाति समुदाय के लोगों तक सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं उनका लाभ सहज रूप से पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम में पंचायत की माननीय मुखिया जी, जिला कल्याण पदाधिकारी श्री संजय कुमार, सिविल सर्जन, प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने कहा कि संत रविदास जी के आदर्श एवं उनके विचार समानता, सामाजिक समरसता, भाईचारा तथा मानवता का संदेश देते हैं। इन आदर्शों को समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने को कहा।

उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के विचार आज भी समाज को समानता एवं सद्भाव के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग के निर्णय के आलोक में प्रत्येक गुरुवार को पंचायत के महादलित टोलों में संत रविदास विकास शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य महादलित टोला के लोगों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाना है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा समाज के सभी वर्गों के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना आवश्यक है, ताकि कोई भी योग्य लाभुक जानकारी के अभाव में सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर के माध्यम से प्राप्त आवेदनों एवं लोगों की समस्याओं का नियमानुसार एवं समयबद्ध तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले की सभी पंचायतों में इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं और यह अभियान फरवरी 2027 तक अनुसूचित जाति एवं जनजाति टोलों में निरंतर संचालित किया जाएगा। उन्होंने पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से शिविरों को प्रभावी एवं जनोपयोगी बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

शिविर के दौरान स्थानीय लोगों द्वारा विभिन्न समस्याओं एवं सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन एवं मामले प्रस्तुत किए गए। जिलाधिकारी ने प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को उपलब्ध कराते हुए निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का ससमय एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा लाभुकों को इसकी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने आमजनों से अपील करते हुए कहा कि वे संत रविदास जी के समानता, भाईचारा, सामाजिक सद्भाव एवं मानवता के संदेश को अपने जीवन में अपनाएं और समाज में आपसी प्रेम एवं सौहार्द की भावना को मजबूत करें।
उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता तभी मजबूत होगी, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी निर्वहन करेगा।

जिलाधिकारी ने श्री गुरु संत रविदास समरसता अभियान के अंतर्गत आयोजित विकास शिविर के सफल आयोजन के लिए सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों को धन्यवाद दिया ।

Santosh Dutta Jha: