हुसैना बार पहुंची बम निरोधक दस्ता, धमाके की जांच में जुटी टीम।

बिहार के भागलपुर के बबरगंज थाना क्षेत्र स्थित हुसैनाबाद मुहल्ले में देर शाम एक तेज धमाका हुआ। इस हादसे में एक मकान जमींदोज हो गया। यह घटना स्थानीय निवासी अब्दुल गनी के घर हुई है, जिसमें उसके 17 साल के बेटे की मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी बीवी सुल्ताना सहित एक मासूम बच्ची और बड़ा भाई अब्दुल मन्नान गंभीर रूप से घायल हो गए। जिले के मायागंज अस्तपाल में घायलों का इलाज जारी है। जबकि रात से ही एफएसएल, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता लगातार घटनास्थल का मुआयना कर रहे हैं। सुबह से ही पटना से आई एटीएस की टीम बारूद का सैंपल इकट्ठा कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, हाल ही में 15 जून को मधुसुदनपुर थाना इलाके में बम विस्फोट हुआ था। उसमें दो मासूम बच्चे जख्मी हो गए थे। बच्चों का इलाज पटना के पीएमसीएच में जारी है। घटना के मास्टरमाइंड धर्मेंद्र चौरसिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। जबकि बीते वर्ष तातारपुर थाना क्षेत्र स्थित काजबलीचक का इलाका बम के धमाके से गूंज उठा था। उसमें 16 लोगों की मौत हुई थी। जांच रिपोर्ट तैयार करने के लिए तीन डीएसपी चार इंस्पेक्टर और पांच एसएचओ को लगाया गया था।

वहीं, केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने इन मामलों को लेकर नीतीश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हुक्मरान वंश वादियों की गोद में जा बैठे हैं। इससे उग्रवादी और असामाजिक तत्वों के लोगों को बढ़ावा मिल रहा है। राज्य में कानून व्यवस्था मानो बिल्कुल ठप हो चुकी है और फिर से बिहार एक बार जंगलराज की ओर जा रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार भागलपुर में हो रहे धमाकों से वह काफी मर्माहत है। इस घटना की सीबीआई जांच होनी चाहिए।

साथ ही उन्होंने कुछ दिन पहले हुए महागठबंधन की बैठक को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि बिहार में कई जगहों से बाराती तो आए। लेकिन दूल्हा कोई मिला नहीं, इसलिए बारात लौट कर चली गई। साथ ही चौबे ने नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि वे सिर्फ मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखने का काम कर रहे हैं। वे प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं। जल्द जनता जवाब देगी, फिर समझ में आएगा कि अब उनकी क्या औकात रह गई।

Darbhanga Office: