नेत्रहीन एवं मूक-बधिर विद्यालयों में आयोजित हुआ विद्यार्थी सहयोग शिविर


विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं छात्रावास संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान का दिया गया भरोसा
सहायक निदेशक (दिव्यांगजन सशक्तिकरण)-सह-नोडल पदाधिकारी श्री आशीष अमन की अध्यक्षता तथा सहायक निदेशक (सामाजिक सुरक्षा) श्री शशि कुमार एवं सहायक निदेशक (बाल संरक्षण) श्री अनिमेष चन्द्रा की उपस्थिति में श्री कामेश्वरी प्रिया राजकीय नेत्रहीन उच्च विद्यालय, दरभंगा एवं श्री कामेश्वरी प्रिया राजकीय मूक-बधिर खेल मध्य विद्यालय, दरभंगा में विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहायक निदेशक श्री आशीष अमन ने कहा कि राज्य के मेहनती एवं प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक एवं छात्रावास संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान तथा शिक्षा व्यवस्था में निरंतर सुधार के उद्देश्य से माननीय मुख्यमंत्री, बिहार श्री सम्राट चौधरी जी द्वारा 17 अगस्त 2026 को ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ का शुभारंभ किया गया है।
उन्होंने कहा कि पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक समस्याओं एवं सुझावों को सीधे ऑनलाइन दर्ज कराने के लिए एक *सुगम एवं प्रभावी मंच* उपलब्ध कराया गया है। यह पोर्टल विद्यार्थियों की समस्याओं को सुनने, उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान तथा शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार के लिए सुझाव प्राप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
शैक्षणिक एवं संस्थागत समस्याओं की दर्ज करा सकेंगे शिकायत


उन्होंने बताया कि विद्यार्थी *विद्यार्थी सहयोग पोर्टल* के माध्यम से विद्यालय एवं छात्रावास से संबंधित विभिन्न समस्याओं की शिकायत दर्ज कराने के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था में सुधार के संबंध में अपने सुझाव भी दे सकते हैं। पोर्टल पर कक्षाओं का समय पर संचालन नहीं होना, शिक्षकों/प्राध्यापकों का समय पर कक्षा में नहीं पहुंचना अथवा अनुपस्थित रहना, परीक्षा का समय पर संचालन नहीं होना, परीक्षा परिणाम समय पर प्रकाशित नहीं होना, अनधिकृत शुल्क/फीस की वसूली, कक्षाओं में बिजली एवं बैठने की व्यवस्था, प्रयोगशाला, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, कोचिंग व्यवस्था सहित अन्य शैक्षणिक एवं संस्थागत व्यवस्थाओं से संबंधित शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं।
उन्होंने बताया कि प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों को प्रशासनिक विभाग द्वारा समेकित किया जाएगा। ऐसे सुझाव, जिन्हें उपलब्ध योजनाओं के अंतर्गत लागू किया जा सकता है, उन्हें निर्धारित अवधि में लागू किया जाएगा। वहीं, अन्य सुझावों पर उच्चस्तरीय शिक्षा सुधार समिति द्वारा विचारोपरांत निर्णय लिया जाएगा।
sahyog.bihar.gov.in पर दर्ज करें शिकायत एवं सुझाव

सहायक निदेशक ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपनी शिकायत एवं सुझाव दर्ज कराने के लिए sahyog.bihar.gov.in पोर्टल पर विजिट करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी किसी भी समय पोर्टल के माध्यम से अपनी समस्या अथवा शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
प्रत्येक माह चतुर्थ मंगलवार को आयोजित होगा शिविर
उन्होंने कहा कि ‘सबका सम्मान, जीवन आसान निश्चय’के तहत विद्यार्थियों की समस्याओं एवं सुझावों के प्रभावी समाधान के लिए प्रत्येक माह के चतुर्थ मंगलवार को जिले में विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में विद्यार्थियों की समस्याओं को सुना जाएगा तथा संबंधित विभाग के पदाधिकारियों के माध्यम से उनके समाधान की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से लेते हुए उनके समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Santosh Dutta Jha: